Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से दी शिकस्त - Sabguru News
होम Breaking IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से दी शिकस्त

IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से दी शिकस्त

0
IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से दी शिकस्त

चेन्नई। लेग स्पिनर अमित मिश्रा (24 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी, ओपनर शिखर धवन की 45 रन की उपयोगी पारी और ललित यादव की नाबाद 22 रन की महत्वपूर्ण पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को आईपीएल के मुकाबले में मंगलवार को छह विकेट से हराकर चार मैचों में अपनी तीसरी जीत हासिल की ।

दिल्ली ने मुंबई को 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन के मामूली स्कोर पर रोकने के बाद 191 ओवर में चार विकेट पर 138 रन बनाकर जीत अपने नाम की।

दिल्ली के लिए ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ ने 29 गेंदों में चार चौकों के सहारे 33 रन , शिखर ने 42 गेंदों पर महत्वपूर्ण 45 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया। शिखर का विकेट 100 के स्कोर और कप्तान ऋषभ पंत का विकेट 115 के स्कोर पर गिरा। लेकिन इसके बाद ललित यादव ने 25 गेंदों में एक चौके की मदद से नाबाद 22 और शिमरॉन हेत्माएर ने नौ गेंदों पर दो चौकों के सहारे 14 रन बनाए।

हेत्माएर ने कीरोन पोलार्ड के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया जबकि अगली गेंद पर नोबॉल पड़ते ही दिल्ली को जीत मिल गई। दिल्ली को चेन्नई में 2010 के बाद से पहली जीत मिली। दिल्ली अब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है जबकि मुंबई चार मैचों में दूसरी हार के बाद अब चौथे स्थान पर आ गई है।

मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुंबई ने क्विंटन डी कॉक के रूप में अपना पहला विकेट तीसरे ओवर में मार्कस स्टॉयनिस की गेंद पर गंवाया। डी कॉक एक ही रन बना सके और विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने दूसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। आवेश खान ने सूर्यकुमार को पंत के हाथों कैच कराया। सूर्य ने 15 गेंदों पर 24 रन में चार चौके लगाए।

पारी के नौंवें ओवर में मिश्रा ने अपना कमाल दिखाया और तीन गेंदों में रोहित और हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेजकर दिल्ली का पलड़ा भारी कर दिया। रोहित ने 30 गेंदों पर 44 रन में तीन चौके और तीन छक्के लगाए जबकि हार्दिक पांड्या का खाता नहीं खुला। ललित यादव की गेंद पर क्रुणाल पांड्या बोल्ड हो गए। क्रुणाल एक रन ही बना सके। मिश्रा ने कीरोन पोलार्ड (2) को पगबाधा कर मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 84 रन कर दिया।

ईशान किशन और जयंत यादव ने सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े और मुंबई को कुछ हद तक संभाला। मिश्रा ने किशन को बोल्ड कर यह साझेदारी तोड़ी। किशन ने 28 गेंदों पर 26 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया।

तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने जयंत को 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर खुद ही लपक लिया। जयंत ने 22 गेंदों पात्र 23 रन में एक चौका लगाया। राहुल चाहर छह गेंदों में छह रन बनाकर आखिरी ओवर में आवेश खान की गेंद पर पंत के हाथों लपके गए। जसप्रीत बुमराह तीन और ट्रेंट बोल्ट एक रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली की तरफ से मिश्रा के चार विकेटों के अलावा आवेश खान ने 15 रन पर दो विकेट निकाले जबकि स्टॉयनिस, रबादा और ललित ने एक -एक विकेट लिया। अमित मिश्रा को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला