Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 133 का स्कोर - Sabguru News
होम Sports Cricket राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 133 का स्कोर

राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 133 का स्कोर

0
राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 133 का स्कोर
Rajasthan Royals give Kolkata Knight Riders a score of 134
Rajasthan Royals give Kolkata Knight Riders a score of 134
Rajasthan Royals give Kolkata Knight Riders a score of 134

मुंबई। राजस्थान रॉयल्स ने अपने गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन की बदौलत कोलकाता नाईट राइडर्स को आईपीएल 14 के मुकाबले में शनिवार को 20 ओवर में नौ विकेट पर 133 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया।

राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। कोलकाता के बल्लेबाजों ने धीमी शुरुआत करते हुए छह ओवर के पॉवरप्ले में एक विकेट खोकर 29 रन बनाये। शुभमन गिल 19 गेंदों में एक चौके के सहारे मात्र 11 रन बनाकर जोस बटलर के सीधे थ्रो पर रन आउट हुए।नीतीश राणा और राहुल त्रिपाठी ने दूसरे विकेट के लिए 21 रन जोड़े। राणा ने चेतन सकारिया की गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच थमा दिया। राणा ने 25 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाये। सुनील नारायण ने सात गेंदों में एक चौके के सहारे छह रन बनाये और वह जयदेव उनादकट की गेंद पर यशस्वी जायसवाल के हाथों बेहतरीन कैच के जरिये आउट हुए।

कोलकाता के कप्तान इयोन मोर्गन दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए। राहुल त्रिपाठी ने सीधा शॉट खेला और गेंद नॉन स्ट्राइकर छोर पर खड़े मोर्गन के बल्ले से टकरा गयी और क्रिस मौरिस ने गेंद को उठाकर मोर्गन को रन आउट कर दिया। मोर्गन ने कोई गेंद नहीं खेली और उनका खाता भी नहीं खुला।

राहुल त्रिपाठी ने 26 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाये और मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर रियान पराग के हाथों कैच आउट हुए। नए बल्लेबाज आंद्रे रसेल ने सात गेंदों पर एक छक्का लगाया और क्रिस मौरिस की गेंद पर डेविड मिलर को बॉउंड्री पर आसान कैच दे बैठे। रसेल ने सात गेंदों पर एक छक्के के सहारे नौ रन बनाये। पारी के इस 18 वें ओवर की आखिरी गेंद पर दिनेश कार्तिक को चेतन सकारिया ने लपक लिया। कार्तिक ने 24 गेंदों पर 25 रन में चार चौके लगाए।

पिछले मैच में आतिशी नाबाद अर्धशतक बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस ने मौरिस के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर पराग को कैच थमा दिया जबकि शिवम मावी आखिरी गेंद पर बोल्ड आउट हो गए। कमिंस ने छह गेंदों पर 10 रन में एक छक्का लगाया। मावी के बल्ले से सात गेंदों में पांच रन निकले।

राजस्थान की तरफ से मौरिस ने अपने चार ओवर में मात्र 23 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके।