Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
अपने मित्र देश भारत को चिकित्सा सहायता मुहैया कराएगा जापान - Sabguru News
होम World Asia News अपने मित्र देश भारत को चिकित्सा सहायता मुहैया कराएगा जापान

अपने मित्र देश भारत को चिकित्सा सहायता मुहैया कराएगा जापान

0
अपने मित्र देश भारत को चिकित्सा सहायता मुहैया कराएगा जापान

टोक्यो। जापान भारत में कोरोना महामारी की गंभीर समस्या को देखते हुए ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर और वेंटिलेटर सहित मानवीय सहायता भेजेगा तथा अपने मित्र देश की मदद के लिए आगे के आपातकालीन उपायों पर भी विचार करेगा।

जापान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के एक वक्तव्य के हवाले से कहा गया कि संक्रमण की संख्या में तेजी के बीच भारत सरकार के एक अनुरोध के जवाब में जापानी सरकार ने इस देश को 300 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और 300 लंग वेंटिलेटर प्रदान करने के लिए प्रक्रिया शुरू की है।

उन्होंने कहा कि हमारा देश भारत को, एक मित्र राष्ट्र और साथी देश मानता है और उसे आपातकालीन सहायता प्रदान करना आवश्यक समझता है, ताकि उसे कोरोना वायरस से लड़ने में मदद मिल सके। हम भारत की मदद करने के लिए और आपातकालीन उपायों पर विचार करेंगे।

गौरतलब है कि भारत कोरोना के गंभीर दूसरे दौर का सामना कर रहा है। अब तक अमरीका, ब्रिटेन, रूस समेत कई देशों ने इस महामारी से लड़ने में भारत की ओर विभिन्न प्रकार की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान भारत में रिकॉर्ड 3,86,452 नए मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 87 लाख 62 हजार 976 हो गया। इस दौरान 2,97,540 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।

देश में अब तक एक करोड़ 53 लाख 84 हजार 418 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इसी दौरान सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी से इनकी संख्या 31,70,228 हो गई है। वहीं 3498 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2,08,330 हो गया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 11 मार्च 2020 को कोरोना वायरस (कोविड-19) को महामारी घोषित किया था। विश्व में कोरोना संक्रमण का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है और इस वायरस के संक्रमण से जहां अभी तक 15.05 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं वहीं 31.62 लाख के अधिक लोगाें की मौत हो चुकी है।