Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भरतपुर में डॉक्टर दंपती को दिन दहाडे मारी गोली, मौके पर मौत - Sabguru News
होम Rajasthan Bharatpur भरतपुर में डॉक्टर दंपती को दिन दहाडे मारी गोली, मौके पर मौत

भरतपुर में डॉक्टर दंपती को दिन दहाडे मारी गोली, मौके पर मौत

0
भरतपुर में डॉक्टर दंपती को दिन दहाडे मारी गोली, मौके पर मौत

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में शुक्रवार को नीम दा गेट इलाके में दिनदहाड़े कार में सवार डॉक्टर दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

वारदात के समय डॉ सुदीप गुप्ता और उसकी पत्नी सीमा गुप्ता कार से कहीं जा रहे थे। इस बीच बाइक से आए दो युवकों ने दोनों को कार के भीतर ही गोलियां बरसाकर मौत की नींद सुला दिया। और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची।

पुलिस ने आरबीएम अस्पताल में दोनों के शवों को रखवा दिया गया है। फिलहाल हमलावरों का कुछ पता नहीं लग सका है। सीमा गुप्ता पर आरोप था कि उन्होंने 2 साल पहले पति सुदीप गुप्ता की प्रेमिका की जलाकर हत्या कर दी थी।

पर्दे के पीछे यह कहानी भी

डॉ. सुदीप गुप्ता और उनकी पत्नी डॉक्टर सीमा भरतपुर शहर में रहते थे। डॉक्टर दंपती ने भरतपुर की सूर्या सिटी जैसी पॉश कॉलोनी में एक विला खरीदा था। इस विला में डॉक्टर सुदीप अपनी कथित प्रेमिका दीपा गुर्जर को रखने लगा। बताया जा रहा है कि दीपा डॉ. सुदीप की क्लिनिक में रिसेप्शनिस्ट थी। डॉ. सुदीप ने पत्नी डॉ. सीमा को बताया कि उन्होंने एक महिला बैंक मैनेजर को विला किराए पर दे दिया है। मृतका दीपा इस विला में 1 नंवबर 2019 को पार्लर खोलने वाली थी। तब निमंत्रण कार्ड में डॉ. सुदीप का नाम छपा देखकर उनकी पत्नी डॉ. सीमा को अवैध संबंधों का पता चल गया।

इसके बाद सुदीप की पत्नी सीमा ने दीपा को सबक सिखाने की ठान ली। वह अपनी सास के साथ विला पहुंची। वहां डॉक्टर सीमा और दीपा के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद सीमा ने दीपा और उसके बेटे शौर्य को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद स्प्रिट छिड़ककर आग लगा दी। इससे दीपा और उसके बेटे की मौत हो गई। तब कोतवाली थाना पुलिस ने डॉ. सुदीप और डॉ. सीमा को हत्या के मुकदमे में गिरफ्तार किया था।