Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भाजपा का 30 मई को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय - Sabguru News
होम Delhi भाजपा का 30 मई को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय

भाजपा का 30 मई को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय

0
भाजपा का 30 मई को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के 30 मई को सात साल पूरे होने के मौके को पार्टी ने ‘सेवा दिवस’ के तौर पर इसे मनाने का निर्णय लिया है।

भाजपा के मीडिया प्रभारी और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 30 मई को भाजपा विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से देश की जनता तक पहुंचेगी और कोरोना के खिलाफ विशेष सेवा अभियान चलाएगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा है कि वैश्विक कोरोना संकट के मद्देनजर दुनिया भर में मानवता के लिए त्रासदी के इस क्षण पार्टी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की सातवीं वर्षगांठ पर किसी प्रकार का कोई समारोह आयोजित नहीं करेगी बल्कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता समर्पित भाव से मानवता की सेवा में जुटेंगे और जनता की सेवा करेंगे।

मोदी जी मार्गदर्शन और नड्डा के नेतृत्व में भाजपा सेवा ही संगठन 2.0 अभियान के तहत देश के लगभग एक लाख गांवों में कोविड से संबंधित विशेष राहत एवं बचाव अभियान चलाएगी। इनमें उन गावों का खासतौर से चयन किया जाएगा, जहां कोरोना के मामले मिले हैं।

भाजपा ने एक लाख गांव तक पहुंचने के लिए केंद्रीय नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अलग-अलग जिम्मेदारी तय की है। पार्टी सांसदों और विधायकों के अलावा केंद्रीय मंत्रियों व राज्यों के मंत्रियों को कम से कम दो गांवों में इसी प्रकार के अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। वे अपने हाथों से लोगों के बीच बीच राहत सामग्री वितरित करेंगे। इसमें सैनिटाइजर, मास्क और ऑक्सीमीटर के साथ-साथ कोरोना से निपटने में काम आने वाली वस्तुएं शामिल हैं।

पार्टी कार्यकर्ता इस अवसर पर कोविड प्रोटोकॉल के साथ गरीबों और जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री बांटेंगे और टीकाकरण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। इसके साथ-साथ देश भर पार्टी कार्यकर्ता रक्तदान शिविर भी लगायेंगे जिसमें भाजपा के सभी मोर्चो के लगभग 50,000 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। कई जगह स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा शासित राज्यों से कोरोना महामारी से अनाथ बच्चों के पुनर्वास के लिए अलग से विशेष योजना चलाने का आह्वान किया है ताकि उनका भविष्य सुरक्षित किया जा सके।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से भाजपा ने जानकारी दी कि सेवा ही संगठन 2.0 अभियान के तहत अब तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने देश भर में लगभग 2,000 ब्लड डोनेशन कैंप लगाए हैं। जरूरतमंदों की मदद के लिए जिला स्तर तक लगभग 41,00 कोविड हेल्पलाइन केंद्रों की स्थापना की गई है। इस अभियान के तहत अब तक 98 लाख से अधिक फेस मास्क का वितरण किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से देश भर में लगभग 30 लाख घरों में भोजन पहुंचाया गया है और 18 लाख घरों में राशन किट पहुंचाई गई है।

भाजपा ने कोरोना आपदा के दौरान जनता के हितों के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 की दूसरी लहर को भी काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है। इस बीच सरकार द्वारा देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा उत्पादन, ऑक्सीजन, की उपलब्धता एवं उत्पादन, चिकित्सालय का सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार जिस बड़े पैमाने पर हुआ वह उल्लेखनीय है।