Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
उत्तराखंड में 2022 के चुनाव में 2017 से बड़ी जीत दर्ज करने को लेकर भाजपा का चिंतन-मंथन - Sabguru News
होम Headlines उत्तराखंड में 2022 के चुनाव में 2017 से बड़ी जीत दर्ज करने को लेकर भाजपा का चिंतन-मंथन

उत्तराखंड में 2022 के चुनाव में 2017 से बड़ी जीत दर्ज करने को लेकर भाजपा का चिंतन-मंथन

0
उत्तराखंड में 2022 के चुनाव में 2017 से बड़ी जीत दर्ज करने को लेकर भाजपा का चिंतन-मंथन

रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के रामनगर में आयोजित तीन दिवसीय चिन्तन शिविर में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त करने के लिए गहन रणनीति पर मंथन किया गया और पार्टी ने आगामी कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मंगलवार को बताया कि वर्ष 2022 के चुनाव में 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करने के लक्ष्य पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता ने भाजपा को मौका दिया। वह सभी मुद्दे हालांकि आज भी विद्यमान है और जनता कांग्रेस से आज भी सवाल कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने न केवल विश्वास जीता बल्कि विकास भी दिया है।

कौशिक ने चिंतन शिविर के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में हम जनता की अपेक्षाओ पर कितने खरे उतरे और अन्य राजनीतिक दलों की क्या स्थिति है, इस वर्तमान परिदृश्य पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से भाजपा मिथक तोड़ने जा रही है और इस बार 60 से अधिक सीटें भाजपा की झोली में आएगी।

उन्होंने बताया कि रोड मैप पर चर्चा के दौरान तय किया गया कि जुलाई माह में 70 विधानसभा और 252 मंडलों तक सभी मंत्री, विधायक और संगठन पदाधिकारी भ्रमण कर समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसी माह बूथ समिति का चयन और चुनाव की रचना के लिए और संयोजक नियुक्त होने की कार्यवाही शुरू होगी। पांच जुलाई को देहरादून प्रदेश मुख्यालय में सभी मोर्चो के पदाधिकारियो की बैठक होगी। वहीं ज़िला और मंडल की कार्य समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अगस्त माह में विस्तारक योजना शुरू होगी, जिसमे 70 विधानसभाओं विस्तारक नियुक्त होंगे। इसके साथ ही विधान सभा प्रभारी और संयोजक नियुक्त किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सितम्बर में शक्ति केन्द्रो के सम्मलेन, बूथ समिति की बैठक, वार्ड, ब्लॉक स्तर तक के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।

इसी माह होने वाले सामजिक सम्पर्क अभियान में सांसद, विधायक और पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में जन सम्पर्क अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें आम लोगों से मिलने का कार्यक्रम होंगे। नवम्बर माह में पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ स्तर तक सम्मलेन आयोजित किए जाएंगे।

श्री कौशिक ने बताया कि नवम्बर माह में प्रधान मंत्री की रैली भी सम्भावित है। इस दौरान कई बड़े नेता रैली में आएँगे। वहीं दिसंबर माह में प्रदेश भर में यात्रा शुरू होगी और यात्रा की तैयारियां भी शुरू होगी।

शिविर के समापन सत्र में राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सभी लोकसभा सदस्यों, राज्यसभा सदस्यों, मंत्री और विधायकों के साथ प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।