Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
इंदौर में तीन मंजिला मकान में लगी आग, सात लोगों की मौत - Sabguru News
होम Breaking इंदौर में तीन मंजिला मकान में लगी आग, सात लोगों की मौत

इंदौर में तीन मंजिला मकान में लगी आग, सात लोगों की मौत

0
इंदौर में तीन मंजिला मकान में लगी आग, सात लोगों की मौत

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिला मुख्यालय स्थित विजय नगर थाना क्षेत्र के एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु हो गई है।

इंदौर जोन-2 के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि विजय नगर थाना क्षेत्र के स्वर्णबाग कॉलोनी के तीन मंजिला मकान में आग लगने की घटना में सात लोगों की दमघुटने से मृत्यु हो गई है। मृतकों में दो महिला एवं पांच पुरुष बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात मकान के नीचे, जहां वाहन खड़े थे, वहां अचानक आग लग गई और इसने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

एसपी उपाध्याय ने बताया कि इस घटना में मकान के ऊपरी मंजिल में सो रहे सात लोगों की आग लगने के चलते दमघुटने से मृत्यु हो गई है। वहीं, कुछ अन्य लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद दमकल वाहनों की मदद से मकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

आग लगने के कारण जांच का प्रमुख विषय : मनीष सिंह

इंदौर में एक मकान में आग से सात लोगों की मौत के मामले में कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि प्रथमदृष्टया घटना में किसी साजिश की आशंका नहीं लग रही और आग लगने के कारण जांच का प्रमुख विषय हैं। सिंह ने कहा कि पुलिस इस मामले में मकान मालिक पर मुकदमा दर्ज कर रही है। प्रथमदृष्टया इस घटना में कोई साजिश नहीं लग रही। आग के कारण सबसे पहला जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का सरकार की तरफ से इलाज हो रहा है।

सिंह ने बताया कि मकान के भूतल पर कहीं शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद गाड़ियों से धुआं निकला और आग लग गई। सभी मौतें आग लगने और दम घुटने से हुई हैं। घटना की विस्तृत जांच चल रही है। पांच लोग घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

मृतक आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में एक मकान में आग लगने के कारण सात लोगों की मृत्यु की हृ़दयविदारक घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है। चौहान ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि इंदौर में एक मकान में आग लगने के कारण सात लोगों की जिंदा जलकर मरने की खबर अत्यंत हृदय विदारक है। इसकी जांच के आदेश भी दिए गए हैं और मृतकों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। चौहान ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।