Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी : सतीश पूनियां - Sabguru News
होम Headlines मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी : सतीश पूनियां

मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी : सतीश पूनियां

0
मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाएगी और इस दौरान सेवा के कार्य किए जाएंगे।

पूनियां ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि मोदी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार भाजपा ने पूरे भारतवर्ष में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने का संकल्प लिया है और मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में रक्तदान शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन होगा, सर्वश्रेष्ठ जिलों के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजकों का सम्मान किया जाएगा, 18 सितंबर को सभी जिलों में दिव्यांगों को कृत्रिम अंग एवं उपकरणों को वितरित करने के कार्यक्रम रहेंगे और सर्वश्रेष्ठ आयोजकों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को टीकाकरण केंद्रों पर स्टाल लगाई जाएगी, सेवा के कार्यक्रम होंगे और आवश्यकतानुसार लोगों का टीकाकरण केंद्र तक लाने एवं ले जाने की व्यवस्था की जाएगी। मोदी सरकार ने 2025 तक भारत को टीबी मुक्त देश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, इसको लेकर 20 सितंबर को पूरे देश में नि:क्षय मित्र कार्यक्रम के माध्यम से टीबी को पूरे देश से समाप्त करने का संकल्प लेंगे और जन भागीदारी के तहत इस बीमारी से ग्रसित व्यक्ति को प्रत्येक मंडल एवं वार्ड स्तर पर रोगी को गोद लेकर उनके भोजन, पोषण और आजीविका के संबंध में सेवा के कार्य होंगे।

उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को मोदी के कृतित्व व्यक्तित्व पर प्रदेश एवं जिला स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएंगी, यह प्रदर्शनी नमो एप पर भी उपलब्ध रहेगी। ‘मोदी@20’ पुस्तक सहित मोदी जी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व जुड़े प्रमुख साहित्य की पुस्तकें शामिल होंगीl

प्रदेश में लंबी डिजीज का प्रकोप चल रहा है, ऐसे में 22 और 23 सितंबर को सभी मंडलों में गौ सेवा के रूप में गौ माता की सेवा, उनके स्वास्थ्य और टीकाकरण को लेकर सेवा कार्य होंगे, साथ ही वर्षा जल संरक्षण को लेकर पारंपरिक तरीके और नवाचारों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, सभी बूथों पर लक्ष्य निर्धारित कर ‘प्रो प्लेनेट पीपल’ कार्यक्रम के तहत पौधारोपण के कार्य होंगे, जिनके वीडियो सोशल मीडिया और नमो ऐप पर साझा होंगे और सर्वश्रेष्ठ मंडलों को सम्मानित किया जाएगा, इस अभियान में विशेषकर पीपल के पौधारोपण कार्य होंगे।

पूनियां ने बताया कि 24 और 25 सितंबर को प्रदेश एवं जिले के पदाधिकारी बूथों पर प्रवास करेंगे, एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल जी की 25 सितंबर को जयंती है, इस अवसर पर कमल उत्सव मनाया जाएगा, 25 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर पंडित दीनदयाल जी को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व पर चर्चा और झंडा एवं स्टीकर वितरण और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।

26 सितंबर को सभी जिलों में एक भारत श्रेष्ठ भारत इस संदेश के रूप में उत्सव मनाया जाएगा, प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी अपने क्षेत्र व संस्कृति के साथ विविधता में एकता का उत्सव मनाएंगे।

उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सफलता की कहानी ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से पूरे देश और समाज तक पहुंचानी है, स्थानीय उत्पादों और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिला और मंडल पदाधिकारी एक अभियान के रूप में लोकल उत्पाद खरीदेंगे, और बेहतरीन कार्य करने वाले जिला अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगाl

28 से 30 सितंबर तक प्रत्येक जिले में प्रबुद्धजन एवं बुद्धिजीवी सम्मेलन होंगे, जिसमें प्रधानमंत्री जी के कृतित्व, विजन, नीतियों और उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा होगी, जिसमें प्रबुद्धजनों के साथ संवाद होगा।

उन्होंने बताया कि आगामी एक और दो अक्टूबर को स्वच्छ भारत अभियान और श्रमदान के कार्य होंगे, जिसमें उल्लेखनीय कार्य करने वाले मंडलों को सम्मानित किया जाएगा और दो अक्टूबर को खादी केंद्रों पर जाकर खादी उत्पादों की खरीदारी कर खादी उत्पादों को बढ़ावा देने के कार्यक्रम किए जाएंगे।