Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कांग्रेस पार्टी के कारण ही देश में लोकतंत्र की जडे मजबूत हुई : अशोक गहलोत - Sabguru News
होम Breaking कांग्रेस पार्टी के कारण ही देश में लोकतंत्र की जडे मजबूत हुई : अशोक गहलोत

कांग्रेस पार्टी के कारण ही देश में लोकतंत्र की जडे मजबूत हुई : अशोक गहलोत

0
कांग्रेस पार्टी के कारण ही देश में लोकतंत्र की जडे मजबूत हुई : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के कारण ही देश में आज लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुई एवं संविधान बना है।

गहलोत आज यहां बिरला सभागार में कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शानदार इतिहास है तथा देश निर्माण में कांग्रेस नेताओं अनेक बलिदान दिये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के योगदान एवं बलिदान को देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जायेगा।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पं. जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपतराय जैसे महान् नेताओं जो इतिहास रचा है उसकी विरासत हमें मिली है। उन्होंने कहा कि जो इतिहास जानते हैं वहीं इतिहास बनाते हैं, किन्तु वर्तमान की केन्द्र सरकार इतिहास को तोड़-मरोड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी के विरूद्ध भारत जोड़ो यात्रा निकालकर लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

गहलोत ने कहा कि भाजपा प्रदेश की कांग्रेस सरकार के विरूद्ध अफवाहें फैला रही है किन्तु भाजपा नेता भी जानते हैं कि प्रदेश में पुनः कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन, पीसीसी डेलीगेटस्, पदाधिकारीगण द्वारा दिए गए सुझाव महत्वपूर्ण हैं तथा जो भावनायें अधिवेशन में प्रकट की गई हैं उन्हें बजट में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में प्रदेश में पुनः कांग्रेस की सरकार बने इसके लिए कार्य करने का संकल्प लेकर सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता गॉंव-गॉंव एवं ढाणी-ढाणी जाएं तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई वर्ग वंचित ना रहे यह सुनिश्चित करें।

गहलोत ने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं की जिम्मेदारी है कि समाज में प्रेम और भाईचारा बढ़ाने हेतु मोहब्बत की दुकान खोलें तथा प्रतिमाह 15 किलोमीटर की पदयात्रा अपने-अपने जिलों में निकालें। उन्होंने स्वयं भी पदयात्रा में शामिल होने की बात कही।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने कहा कि सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सबसे पहले पार्टी को मजबूत करने का काम करना होगा, चुनाव में टिकिट मिलना या ना मिलना महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने हेतु कार्य करना होगा जो कि अनुशासन की पालना करते किया जाए। उन्होंने कहा कि वे गलत को गलत एवं सही को सही भी कहेंगे, क्योंकि कांग्रेस पार्टी दिल से चलती है, दबाव से नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में सभी कांग्रेसजन समाज को मजबूत करने के कार्य में अपनी भागीदारी निभाएंयें।

अधिवेशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सुझाव देने एवं आमजन के लिये लोककल्याणकारी योजनायें बनाने हेतु उपस्थित सभी कांग्रेसजन अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत करें तथा महत्वपूर्ण सुझावों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपकर आमजन की भावना से अवगत करवाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार ने आमजन के कल्याण हेतु एक से बढक़र एक योजनाएं लागू की हैं तथा बजट प्रावधानों में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सुझावों को समाहित कर आमजनता की भावना के अनुरूप बजट बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ जनहित में खड़ा है तथा केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के विरूद्ध चल रहे आन्दोलनों में बढ़-चढक़र भाग लेता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित आगामी कार्यक्रमों की क्रियान्विति संगठन द्वारा जोर-शोर से की जायेगी।

उन्होंने कहा कि संगठन के खाली पदों को शीघ्र भरने से और अधिक मजबूती के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ एवं युवा चेहरों का समावेश है जिस कारण अनुभव एवं जोश के साथ कांग्रेस पार्टी कार्य कर रही है।