Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित - Sabguru News
होम Breaking जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित

जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित

0
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा स्थगित

श्रीनगर। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में आज मौसम ज्यादा खराब हो गया है जिससे दक्षिण कश्मीर में स्थित नुनवान पहलगाम आधार शिविर और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल से किसी भी यात्री को आगे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है।

उन्होंने कहा कि पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर कई स्थानों पर अभी भी बारिश हो रही है और कई जगहों पर सड़क की स्थिति फिसलन भरी हो गई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने मौसम में सुधार होने तक यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है ताकि किसी भी यात्री को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 1,300 से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन किए। उल्लेखनीय है कि एक जुलाई को तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद से, हिमशिव लिंग के दर्शन करने वाले यात्रियों की कुल संख्या 86 हजार से अधिक हो गई है।

अमरनाथ यात्रियों का आठवां जत्था जम्मू से रवाना

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए करीब 7,010 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था शुक्रवार सुबह यहां भगवती नगर स्थित यात्री निवास से पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।

एक अधिकारी ने बताया कि यह आठवां जत्था है, जो 247 वाहनों के काफिले में जम्मू से रवाना हुआ है। इस जत्थे में 5,179 पुरुष, 1,549 महिलाएं, 21 बच्चे, 228 साधु और 33 साध्वियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 4,600 तीर्थयात्री 153 वाहनों में पहलगाम के लिए और अन्य 94 वाहनों में बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए।