Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान में कार्यकर्ताओं की मेहनत से फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार : सचिन पायलट - Sabguru News
होम Rajasthan Jaipur राजस्थान में कार्यकर्ताओं की मेहनत से फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार : सचिन पायलट

राजस्थान में कार्यकर्ताओं की मेहनत से फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार : सचिन पायलट

0
राजस्थान में कार्यकर्ताओं की मेहनत से फिर बनेगी कांग्रेस की सरकार : सचिन पायलट

टोंक। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने कांग्रेस को नेताओं से ज्यादा कार्यकर्ताओं की पार्टी बताते हुए दावा किया है कि कार्यकताओं की मेहनत से पांच साल पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और आने वाले चुनावों में पुनः कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पायलट मंगलवार को टोंक में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत से पिछले चुनाव में पार्टी ने टोंक से रिकॉर्ड वोटों से जीत दर्ज की। इन पांच सालों में जितना विकास संभव था, हमने उससे अधिक काम करने का प्रयास किया है। इस दौरान कोरोना जैसी अनेकों चुनौतियां सामने आई। उन्होंने कार्यकर्ताओं, प्रशासन एवं अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से हमने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया।

उन्होंने कहा कि केन्द्र में पिछले नौ वर्षो से भाजपा की सरकार काबिज है। भाजपा के नेता हमेशा डबल इंजन की सरकार की बात करते है। भाजपा का डबल इंजन पहले हिमाचल प्रदेश में फेल हुआ, फिर कर्नाटक में फेल हुआ। भाजपा केन्द्र में सत्ता में और राज्य में विपक्ष के रूप में असफल हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यो के आधार पर प्रदेश में दुबारा सरकार बनायेंगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ गए हैं। अब अनेकों पार्टियां आपके बीच आएगी। आपको मंदिर, मस्जिद, जाति, धर्म के नाम पर गुमराह करने की कोशिश करेगी। हमको उनकी बातों में नहीं आना है और अपने भाईचारे को कायम रखना है।

उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने वाले बहुत है, हमें प्यार-मोहब्बत की दुकान खोलने का काम करना है। उन्होंने कहा कि आज इस मंच पर सभी नेता, कार्यकर्ता मौजूद हैं। आने वाले चुनावों में हम सभी एकजुट होकर जाएंगे, पिछली बार से अधिक मतों से कांग्रेस को विजयी कर टोंक सहित जिले की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे और प्रदेश में पुनःः कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। इस अवसर पर पायलट ने 22.25 करोड रूपए के विकास कार्यो का लोकार्पण किया।