

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में महिला थाना से अपहरण और दुष्कर्म का एक आरोपी के फरार हो जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीविजयनगर कस्बे के निवासी गिरफ्तार युवक सुखदीप सिंह को छह दिन का रिमांड समाप्त होने पर आज अदालत में पेश किया जाना था कि इससे पहले वह रविवार रात लगभग दस बजे चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार जिले के श्रीविजयनगर थाना में एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के दर्ज हुए मुकदमे में सुखदीप सिंह गिरफ्तार किया गया था और उसे महिला थाना की बैरक में रखा हुआ था। वह अत्यधिक गर्मी तथा उमस होने के कारण नहाना चाह रहा था। एक पुलिसकर्मी उसे प्रथम मंजिल पर बने स्नानागार में नहाने के लिए ले गया।
पुलिसकर्मी उसे स्नानागार में छोड़कर नीचे आ गया। सुखदीपसिंह स्नानागार की छत से पीछे की तरफ कूदकर फरार हो गया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी छत पर गया तो वह वहां नहीं मिला। आरोपी अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है।