
नई दिल्ली। सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण 24 घंटे से ज्यादा समय से लंदन में फंसा है और यह कब तक ठीक होगा इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उड़ान संख्या एआई 162 को स्थानीय समयानुसार मंगलवार सुबह 9.45 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर बाद 3.15 बजे) लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरनी थी। लेकिन, तकनीकी खराबी के कारण विमान को ग्राउंड करना पड़ा। यात्रियों को अभी होटल में ठहराया गया है।
सूत्रों का कहना है कि उस विमान की मरम्मत के लिए कलपुर्जे आदि लेकर जा रहा विमान भी दुबई में खराब हो गया। वह विमान दुबई में छह घंटे तक खड़ा रहा। इस कारण अभी यह कह सकना मुश्किल है कि लंदन में फंसा विमान कब तक ठीक होगा।