
अजमेर। अजयमेरु प्रैस क्लब का नवनिर्मित भवन शनिवार को फूल मालाओं से सजा रहा, विधिविधान, यज्ञ और मंत्रोच्चार के साथ पत्रकार सदस्यों ने नए परिसर में प्रवेश किया। वैशाली नगर में पेट्रोल पंप के पीछे बने प्रैस क्लब के नए भवन में प्रवेश के समय क्लब के अधिकांश सदस्य मौजूद रहे। सुबह करीब 11 बजे यज्ञ का आयोजन हुआ। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच क्लब अध्यक्ष प्रतापसिंह सनकत समेत सभी सदस्यों ने यज्ञ में आहूतियां दीं।
गीत संगीत की महफिल, कैरम, भोजन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सदस्य अब्दुल सलाम कुरेशी के विवाह की वर्षगांठ भी मनाई गई। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, संस्थापक अध्यक्ष डा. रमेश अग्रवाल, राजेन्द्र गुंजल, अकलेश जैन सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।
इस प्रेस क्लब की खास बात यह है कि इसमें बार सुविधा नहीं है। क्लब परिसर में शराब का सेवन और धूम्रपान सर्वथा वर्जित है।
निर्वाचित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा राय, जनसत्ता के संस्थापक सम्पादक प्रभाष जोशी, प्रख्यात पत्रकार डा. वेद प्रताप वैदिक जैसी शख्सियत क्लब की मानद सदस्य हैं।