
अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने 10 सितंबर को प्रस्तावित भारत बंद को समर्थन देते हुए रविवार को बैठक कर रणनीति बनाई तथा बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में बताया गया कि बंद को शांति पूर्ण तरीके से सफल बनाने के लिए व्यापारिक संगठनों, पेट्रोल पंपों, टेंपों व बस यूनियनों, शिक्षण संस्थानों से संपर्क कर उनका समर्थन मांगा गया है।सभी ने इसमें सहयोग का भरोसा दिलाया है।

शहर जिलाध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि पेट्रोल, रसोई गैस और डीजल के दोमों में बेतहाशा बढोतरी के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से बंद का ऐलान किया है। बंद को विपक्षी पार्टियां भी समर्थन दे रही हैं। इसी क्रम में स्थानीय स्तर पर कांग्रेस ईकाई ने समर्थन करते हुए सहभागिता करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा आम जनता महंगाई से त्रस्त है और हर तरफ आक्रोश के स्वर उठ रहे हैं। जनता की परेशानी को अनदेखा कर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गौरव यात्रा निकालने में व्यस्त हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
केन्द्र और राज्य सरकार आम जनता की जेब काटने में लगी है। वैश्विक स्तर पर क्रूड आॅयल के दाम बढने की आड में पेट्रोल और डीजल की कीमत बेतहाशा बढाई जा रही है। आखिर जनता की जेब से वसूला जा रहा यह पैसा कहां जा रहा है। जो पेट्रोल 35 से 40 रुपए और डीजल 30 रुपए प्रति लीटर में बिकना चाहिए उसकी कीमत आसमान छू रहीं हैं। उस पर राज्य सरकार वैट के रूप में कर वसूल कर आमजन की कमर तोडने में लगी है।
सांसद रघु शर्मा ने कहा कि कांग्रेस बराबर मांग कर रही है कि पेट्रोल और डीजल समेत समस्त पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में लाया जाए, इसके बावजूद ये सरकार चुप्पी साधे बैठी है। क्यों पेट्रो पदार्थों को जीएसटी के दायरे में नहीं लाया जा रहा। अब कांग्रेस जनता की लडाई लडेगी और जनता के साथ मिलकर केन्द्र सरकार की गलत नीतियों और करतूतों का पर्दाफाश करेगी।
बैठक में कांग्रेस के प्रदेश सचिव विवेक बंसल, सांसद रघु शर्मा, गंगा देवी, सुरेश मिश्रा, विधायक रामनारायण चौधरी, नसीम अख्तर इंसाफ समेत बडी संख्या कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।