Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
अजमेर जिले की तीनों निकायों में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer अजमेर जिले की तीनों निकायों में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय

अजमेर जिले की तीनों निकायों में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय

0
अजमेर जिले की तीनों निकायों में भाजपा का अध्यक्ष बनना तय

अजमेऱ। अजमेर जिले की तीन निकायों ब्यावर, पुष्कर एवं नवगठित नसीराबाद में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख बनना करीब तय है। हालांकि अंतिम फैसला 26 नवंबर को पार्षदों के मतदान के जरिए ही होगा।

इस बीच राजनीतिक समीकरणों और संगठन से जुड़े पार्षदों के संख्याबल को देखते हुए यह स्पष्ट है कि ब्यावर नगर परिषद में सभापति भाजपा का ही होगा। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने रायशुमारी के बाद नरेश कनोजिया को सभापति के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। यहां 60 वार्डों में से 29 पार्षद भाजपा के हैं, जबकि 16 कांग्रेस और 15 निर्दलीय हैं। जाहिर है यहां कांग्रेस होड़ में नहीं है। निर्दलीय पार्षदों में ज्यादातर का झुकाव भाजपा की ओर ही है, लिहाजा यहां भाजपा का सभापति बनना सुनिश्चित है।

इसी तरह 25 वार्डों वाली पुष्कर नगरपालिका में भाजपा ने 14 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत पा लिया है। यहां प्रदेश संगठन की सहमति से भाजपा ने एकबार फिर कमल पाठक को नगरपालिका अध्यक्ष के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। परबतसर के पूर्व विधायक एवं प्रभारी मानसिंह किनसरिया तथा विधायक सुरेश सिंह रावत की मौजूदगी में सभी 14 विजयी पार्षदों ने कमल पाठक का समर्थन किया है। गुरुवार को उन्होंने एक बार फिर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

हालांकि पाठक के सामने भाजपा के ही बागी निर्दलीय रविकाशं पाराशर ने एक मौके पर अंतिम दिन नामांकन दाखिल कर सबको चौंका दिया। कांग्रेस ने भाजपा को रोकने के लिए पाराशर को पूरा समर्थन दिया है। नाम वापसी के दिन तक पाराशर डटे रहते हैं तो पुष्कर पालिका के बोर्ड चेयरमेन का फैसला मतदान के जरिए होगा।

नवगठित नसीराबाद नगरपालिका के लिए भाजपा ने अनिता मित्तल को पालिका अध्यक्ष का उम्मीदवार घोषित किया है। यहां कुल 20 वार्डों में से भाजपा के 10 पार्षद निर्वाचित हुए हैं जबकि कांगेस के आठ और दो निर्दलीय हैं। भाजपा को एक निर्दलीय के समर्थन की जरूरत है, जिसके सहारे वह स्पष्ट बहुमत पा लेगी। वैसे दोनों निर्दलियों में से एक के भी समर्थन का दावा भाजपा ने अभी नहीं किया है, लेकिन हालांकि उम्मीद की जा रही है कि वह एक पार्षद का समर्थन हासिल कर लेगी।

उल्लेखनीय है कि निकाय प्रमुखों के लिए ब्यावर एससी पुरुष, पुष्कर सामान्य वर्ग तथा नसीराबाद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है।