Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अजमेर में निकाली शोभायात्रा - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अजमेर में निकाली शोभायात्रा

दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अजमेर में निकाली शोभायात्रा

0
दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अजमेर में निकाली शोभायात्रा

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ प्रचारक दत्तोपंत ठेंगड़ी के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर आज शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पुष्कर रोड ऋषि उद्यान से प्रारंभ होकर महावीर सर्किल, नया बाजार, मदार गेट, गांधी भवन के रास्ते पृथ्वीराज मार्ग होते हुए ऋषि घाटी पर समाप्त हुई।

शोभायात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन स्वदेशी जागरण मंच, भारतीय किसान संघ, ग्राहक पंचायत, लघु उद्योग भारती, सहकार भारती से जुड़े 1500 से ज्यादा कार्यकर्ता भगवा झंडी के अलावा अपने अपने झंडे तले दत्तोपंत ठेंगड़ी का यशोगान करते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा के आखिर में एक जीप पर ठेंगड़ी की बड़ी तस्वीर के साथ भारत माता की तस्वीर लगी हुई थी और शोभायात्रा में चल रहे सभी लोग भारत माता के जयकार के साथ ठेंगड़ी का भी जयघोष कर रहे थे।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भोलानाथ आचार्य ने बताया कि ठेंगड़ी भारत की आर्थिक नीतियों पर महत्वपूर्ण विचारों को प्रदान करने वाले विचारक के रूप में जाने जाते हैं। उनका जन्म महाराष्ट्र के वर्धा में हुआ था और इस वर्ष गत दस नवंबर से आगामी दस नवंबर तक उनका जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है।

पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने शोभायात्रा में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शोभायात्रा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नगर निगम, रोडवेज, जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, भवन निर्माण, मार्बल उद्योग तथा सीमेंट उद्योग के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

शोभायात्रा में अजमेर, ब्यावर, किशनगढ़, नसीराबाद, पीसांगन, पुष्कर, केकड़ी, विजयनगर से भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच, लघु उद्योग भारती, सहकार भारतीय, किसान संघ आदि के अनेक कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।

भारतीय मजदूर संघ से प्रदेश संगठन मंत्री हरि राम शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष भोलानाथ आचार्य, स्वदेशी जागरण मंच से डॉक्टर संत कुमार, विभाग संयोजक अरुण कुमार अरोड़ा, भागचंद सैन, लक्ष्मी नारायण स्वर्णकार, राहुल शर्मा, भारत भूषण उपाध्याय, भारतीय किसान संघ से राजेंद्र सिंह, ग्राहक पंचायत से मनीष खंडेलवाल, सहकार भारती से सुमित खेड़ा, भारतीय मजदूर संघ से कानमल माली, भामसं जिला मंत्री आनंद सिंह निहाल, कल्पना मिश्रा, शारदा शर्मा, ममता सेन, पुष्पा महावर, सलामुद्दीन, सीताराम जोशी, बीना शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।