

लखनऊ । समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुये कहा कि अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद है कि आगरा में स्कूल से लौट रही छात्रा को दिन -दहाड़े जला दिया जाता है।
यादव ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा “प्रदेश में एक घटना में छात्रा के साथ दुष्कर्म और दूसरी में पेट्रोल डालकर ज़िंदा जलाने की कोशिश दर्शाती है कि हमारे प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है। ऐसा दो ही वजह से हो सकता है या तो असामाजिक तत्वों को सरकार का डर नहीं है या फिर उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है।”
सपा अध्यक्ष ने इससे पहले भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुये कहा था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। अपराधियों को सरकार संरक्षण दे रही है। पार्टी विधानमंडल दल की बैठक में भी कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया था। उन्होने कहा कि बुनियादी मुद्दों से भाजपा मुंह छिपाती है। किसानों और नौजवानों की समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं होती है। भ्रष्टाचार भी एक बड़ा मुद्दा है। प्रदेश में अराजकता का राज है। सपा सदन और सड़क पर संघर्ष जारी रखेगी।