

लखनऊ । समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)पर आराेप लगाया है कि सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को रेड कार्ड जारी किये जा रहे है ताकि वे वोट न डाल सके।
यादव ने शनिवार को यहा जारी बयान मेें कहा कि भाजपा रेड कार्ड के जरिए चुनाव जीतना चाहती है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक रेड कार्ड जारी करें ताकि वे वोट न कर सकें। यादव आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका मुकाबला भोजपुरी अभिनेता और भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ से होगा। इस सीट पर रविवार को मतदान होगा।
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को रेड कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्हें वोट डालने से रोका जा रहा है। हमने पिछली बार कन्नौज सीट पर हुये मतदान के दौरान चुनाव आयोग से शिकायत की थी। यादव ने कहा कि क्या लाल कार्ड सपा-बसपा को ही जारी किए जाएंगे। क्या भाजपा में हर कोई साफ है। उस पार्टी में क्या कोई ऐसा अपराधी पृष्ठभूमि वाला नहीं है जिसे रेड कार्ड जारी किया जा सके। भाजपा लोगों को डराने की साजिश कर रही है ताकि वे अपना वोट न डालें।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा दूसरों को उन चीजों के लिए दोषी ठहराते हैं जो वे करते हैं या करना चाहते हैं। भाजपा जाति आधारित राजनीति कर रही है। विभिन्न जातियों और धर्मों के बीच नफरत फैलाने की राजनीति कर रही है। उनकी सरकार झूठ और घृणा पर आधारित है। गठबंधन ने उस सरकार को ध्वस्त करने का फैसला लिया है जो घृणा पर बनी थी।