

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अलवर के थानागाजी में हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
भाजपा जयपुर शहर इकाई द्वारा जयपुर के कलेक्ट्रट सर्किल पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य सरकार को तुरन्त कार्रवाई करते हुए शेष सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने एवं दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री वीरमदेव सिंह जैसास, विधायक वासुदेव देवनानी, अशोक लाहोटी, नरपत सिंह राजवी, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार सहित प्रदेश प्रदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बीकानेर संवाददाता के अनुसार थानागाजी में विवाहिता से सामुहिक दुष्कर्म घटना के विरोध में भाजपा नेताओं ने प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर पार्टी के देहात जिलाध्यक्ष एवं नोखा विधायक बिहारीलाल बिश्नोई, शहर भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, सुरेन्द्र सिंह शेखावत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
उदयपुर से समाचार के अनुसार शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली एवं देहात जिलाध्यक्ष भंवरसिंह पंवार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने थानागाजी में सामुहिक दुष्कर्म घटना के विरोध में धरना दिया तथा राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।