![लखनऊ में अमर सिंह ने आजम खां के खिलाफ दर्ज करायी एफआईआर लखनऊ में अमर सिंह ने आजम खां के खिलाफ दर्ज करायी एफआईआर](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2018/10/amer-ajam.jpg)
![Amar Singh lodged FIR against up former minister Azam KhAmar Singh lodged FIR against up former minister Azam Khan in Lucknow an in Lucknow](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2018/10/amer-ajam.jpg)
लखनऊ । राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने राजधानी लखनऊ के गोमती नगर थाने में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं उत्तर प्रदेश पूर्व मंत्री आजम खां के खिलाफ परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज करायी है।
सिंह ने बुधवार रात गोमती नगर थाने में पांच पन्नों की तहरीर में कहा है कि श्री खां ने उनके परिवार को मारने की धमकी दी है। उन्होने अपनी तहरीर गोमतीनगर इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह को सौपी। तहरीर में श्री आजम पर धार्मिक उन्माद, धर्म और समाज में नफरत फैलाना, धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने, नारी का अपमान करने तथा आतंकियों को प्रोत्साहन देने के का आरोप लगाया है।
राज्यसभा सांसद ने तहरीर में आरोप लगाया है कि आजम ने साजिश के तहत बयान दिया है जो कि देश हित में नहीं है। यह देश की अखंडता को तोड़ने वाला है। यह भी आरोप लगाया गया है कि आजम ने चैनलों को इंटरव्यू में कहा कि देश में उस दिन दंगे होने बंद हो जाएंगे, जिस दिन अमर सिंह तथा उनके जैसे लोगों को परिवार समेत मार दिया जाएगा।
सिंह ने गोमती नगर इंस्पेक्टर को तहरीर के साथ ही एक वीडियो फुटेज भी दी है। इस फुटेज में आजम खान के बयान रिकार्ड है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि अमर सिंह की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस पर आगे की कार्रवाई विधिक राय के साथ की जायेगी।