

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस का सभी जगह सूपड़ा साफ हो रहा है और उसकी दूरबीन लेकर ढूंढ़ने जैसी स्थिति बन गई है।
शाह आज जयपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ननिहाल धानक्या में उनके स्मारक का लोकार्पण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से कई राज्यों में कांग्रेस का पत्ता साफ हो गया और आज 19 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। अब तो कांग्रेस की हालत दूरबीन लेकर ढूंढने जैसी हो गई है, इसके बावजदू कांग्रेस राजस्थान में सरकार बनाने का सपना देख रही हैं।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में कहा कि राहुल बाबा दिन में सपने देखते हैं। सपने देखने से पहले अपना बैकग्राउण्ड नहीं देखते। उन्होंने कहा कि राजस्थान में तो कांग्रेस लड़ने से पहले यह तय करे कि उनका सेनापति कौन है। राजस्थान में भाजपा की सरकार अंगद का पैर है जिसे कोई नहीं हिला सकता।
राहुल बाबा हमसे राजस्थान में साढ़े चार वर्ष का हिसाब मांग रहे हैं जबकि देश की जनता उनसे चार पीढ़ी का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की तथा राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी फिर भी तेरहवें वित्त आयोग ने राजस्थान को एक लाख नौ हजार करोड़ रुपए दिए जबकि मोदी सरकार ने दो लाख 63 हजार 580 करोड़ राजस्थान में वसुन्धरा सरकार को दिए। राजस्थान की जनता पर केन्द्र सरकार का यह कोई उपकार नहीं, जनता का अधिकार है।
शाह ने कहा कि राज्य में वसुन्धरा सरकार ने छोटे-गरीब किसानों का कर्जा माफ किया है। अन्नपूर्णा रसोई योजना में गरीबों को पांच रूपए में नाश्ता और आठ रूपए में खाना खिलाया जा रहा है। पांच हजार से ज्यादा गांवों को सड़कों से जोड़ने का काम किया गया है। तीन हजार 500 से ज्यादा सड़कों का विकास किया गया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया विधानसभा के चुनाव में श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में तथा अगले वर्ष केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की फिर सरकार बनानी है और इसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को ऐसे जीत दिलाएं की पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा अजेय रूप में उभरे। उन्होंने कहा कि जब तक 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रचण्ड बहुमत से जीत नहीं मिल जाए तब तक कमल का निशान और भारत माता की तस्वीर ध्यान में रखें।
शाह ने कहा कि राजस्थान में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस का यह सिलसिला खत्म कर इस बार पचास साल के लिए भाजपा को सत्ता में लाना है। इसके लिए बूथ अध्यक्ष और शक्ति केन्द्र के प्रभारी जी-जान से जुट जाएं तो हमे कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा 10 सदस्यों से 11 करोड़ सदस्यों की संख्या तक पहुंचने वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। देश के 70 प्रतिशत भू-भाग पर भाजपा का भगवा झंडा फहराने का काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प देश में जितने घुसपैठिये हैं उनको देश से बाहर निकालना है। उन्होंने देश की सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक कर हमने देश का गौरव और हमारे जवानों का हौसला बढ़ाने का काम किया है।
इस अवसर राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रेरणा और शाह के कुशल नेतृत्व में चारों ओर कमल खिल रहा है। पं. उपाध्याय के एकात्म मानववाद को आगे बढ़ाते हुए भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री शाह ने किया है। आगामी चुनाव में बूथ हमारी जीत का आधार है और इसके लिए बूथों और शक्ति केन्द्रों को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि बूथ रूपी बीज सरकार रूपी वटवृक्ष बन सकता है। राजस्थान में हम गाड़ी पटरी पर लाएं है। शक्तिशाली, उन्नतिशील राजस्थान बनाना है तो हमें मेहनत करनी होगी। कार्यकर्ताओं के सहयोग और बूथ को मजबूत कर हम राजस्थान को फतह कर सकते हैं।
उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर चुनाव के समय लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।