
जींद। हरियाणा में यहां शहर के हनुमान नगर इलाके में एक घर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने घुस कर शनिवार रात एक महिला कमलेश देवी(55) की हत्या कर दी।
हत्या का जब पता उस समय चला जब कमलेश का पति सतेंद्र रात करीब आठ बजे जींद चीनी मिल में डयूटी देने के बाद अपने घर वापिस आया। महिला आंगनवाड़ी सुपरवाईज़र थी। महिला के गले पर चोट के निशान भी देखे गए। सतेंद्र जब देर रात घर लौटा तो सभी लाइटें बंद मिली। जब उसने घर में प्रवेश किया और लाईट जलाई तो कमलेश फर्श पर पड़ी हुई थी। उसके नाक और मुंह से खून बह रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। महिला के दो बच्चे हैं और शादीशुदा है और बाहर नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।