Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
CAA के विरोध में प्रदर्शन जारी, यूपी में हिंसा का तांडव, अब तक 15 की मौत - Sabguru News
होम Breaking CAA के विरोध में प्रदर्शन जारी, यूपी में हिंसा का तांडव, अब तक 15 की मौत

CAA के विरोध में प्रदर्शन जारी, यूपी में हिंसा का तांडव, अब तक 15 की मौत

0
CAA के विरोध में प्रदर्शन जारी, यूपी में हिंसा का तांडव, अब तक 15 की मौत

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में शनिवार को भी धरना-प्रदर्शन किए गए जबकि उत्तर प्रदेश में हिंसक घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

दिल्ली में सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल भीम आर्मी के प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद को आज तड़के यहां जामा मस्जिद के निकट पुलिस ने हिरासत में लिया। दिल्ली की एक अदालत ने पुरानी दिल्ली के दरियागंज इलाके में कल शाम हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार 15 लोगों को दो दिनों के न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार लोगों पर दंगा भड़काने और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

इस बीच कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर रविवार को धरना का आह्वान किया है। धरना स्थल पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के सभी बड़े नेताओं के मौजूद रहने की उम्मीद है। यह धरना दोपहर दो बजे के आसपास शुरू होगा और देर शाम तक चलेगा।

रविवार को ही इससे पहले राजघाट के निकट रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रैली को संबोधित करेंगे। समझा जाता है कि मोदी देश की जनता को राष्ट्रीय नागरिकता कानून के बारे में भी जानकारी देंगे।

उत्तर प्रदेश में भड़की हिंसा में अब तक अलग अलग जिलों में 15 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि 263 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। राज्य के मेरठ में सबसे अधिक चार लोगों की मृत्यु हुयी है जबकि फिरोजाबाद में तीन, कानपुर और बिजनौर में दो-दो लोग हिंसा के कारण अपनी जान गंवा बैठे।

इसके अलावा वाराणसी, लखनऊ, संभल और वाराणसी में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी। हिंसा के मामलों में राज्य के अलग-अलग जिलों में 124 आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 705 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 4500 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बिहार में मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर आज राज्यव्यापी बंद के दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात मचाया और रेल एवं सड़क यातायात को बाधित करने के साथ साथ मीडियाकर्मियों पर भी हमला किया। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के साथ प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यालय से डाकबंगला चौराहे तक मार्च किया।

तमिलनाडु में विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों का सीएए के खिलाफ प्रदर्शन शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। राजधानी चेन्नई समेत मदुरै, तंजावुर, नागपट्टिनम तथा कई अन्य स्थानों पर मुस्लिम संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। चेन्नई में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया गया जब उन्होंने चेन्नई सेंट्रल रेलवे की घेराबंदी का प्रयास किया।

कर्नाटक के मेंगलुरु में ऐहतियातन लागू कर्फ्यू की अवधि रविवार मध्यरात्रि तक बढ़ा दी है, कहीं से भी हालांकि किसी हिंसक घटना की रिपोर्टें नहीं है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना के चलते शहर के चार थानों क्षेत्रों में कर्फ्यू आज भी जारी है। पुलिस के मुताबिक यहां स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

गुजरात के अहमदाबाद शहर के मुस्लिम बहुल शाह आलम क्षेत्र में हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने 15 और लोगों को गिरफ्तार किया है जिसके साथ ही इस मामले में कुल गिरफ्तारियाें की संख्या बढ़कर 64 हो गई है।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में प्रदर्शनकारियों ने हिंसा की बजाय राष्ट्रगान गाकर और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारे लगा कर एक मिसाल पेश की और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सीएए के विरोध में कांग्रेस एवं विपक्षी दलों ने रविवार को शांतिमार्च का आह्वान किया है। शांतिमार्च में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई राजनेता, एवं विभिन्न धर्मगुरु शामिल होंगे।