Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
जिस दिन राजस्थान में मंत्रिमण्डल विस्तार होगा, कांग्रेस में बड़ा विस्फोट होगा : अरुण सिंह - Sabguru News
होम Breaking जिस दिन राजस्थान में मंत्रिमण्डल विस्तार होगा, कांग्रेस में बड़ा विस्फोट होगा : अरुण सिंह

जिस दिन राजस्थान में मंत्रिमण्डल विस्तार होगा, कांग्रेस में बड़ा विस्फोट होगा : अरुण सिंह

0
जिस दिन राजस्थान में मंत्रिमण्डल विस्तार होगा, कांग्रेस में बड़ा विस्फोट होगा : अरुण सिंह

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरूणसिंह ने कहा कि जिस दिन राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के मंत्रिमण्डल का विस्तार होगा, उस दिन कांग्रेस में बड़ा धमाका होगा और कांग्रेस दो फाड़ हो जाएगी।

सिंह ने मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की वर्चुअल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। भाजपा के सभी अपेक्षित प्रदेश पदाधिकारी इस बैठक में जुड़े। उन्होंने कहा कि कोरोना के दूसरे कालखण्ड के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत अपने घर से आज तक बाहर ही नहीं निकले। उनको राज्य के विकास की, युवाओं के नौकरी की एवं किसानों के सम्पूर्ण कर्जमाफी की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कोरोना जैसी महामारी में ‘सेवा ही संगठन’ के कार्यों को देशभर में हर स्तर पर किया, लेकिन राजस्थान में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से अपनी जान की परवाह किए बिना यह कार्य किए इसको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सराहा है।

सिंह ने कहा कि पूरे भारत में राजस्थान ही एक ऐसा राज्य है, जिसमें सेवा के 11 कामों के अलावा बेजुबान पक्षियों, कबूतर, बंदर, गायों को भी अनाज, हरा चारा, गुड़ जैसे इत्यादि सेवा कार्य किए। जिस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हम बढ़े हैं कि अंतिम व्यक्ति तक भी खुशहाली आए ये देश की मोदी सरकार कर रही है। गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित प्रधानमंत्री मोदी ने उनके कल्याण की कई योजनाएं बनाई है, जिनसे वंचित लोग स्वाभिमान के साथ मुख्य धारा में आ रहे है।

सिंह ने कहा कि कांग्रेस देशभर फ्लाॅप हो गई और सिमट गई, कांग्रेस का ग्राफ गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया, हम पश्चिम बंगाल में तीन सीटों से 77 सीटों तक आ गए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने कहा कि ‘संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का, वो काम सब किए चलो।’ मैं केवल ये मानता हूं कि राजनीति के एजेण्डे के लिए नहीं, समाज के लिए काम करने का जज्बा और प्रतिबद्धता किसी पार्टी एवं किसी पार्टी के कार्यकर्ताओं में है तो वो केवल एकमात्र दल भाजपा है, जो अपने आपको इस नारे के साथ समर्पित करती है और आगे बढ़ती है।

इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है वैश्विक महामारी कोरोना, इस कोरोना की महामारी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पहली और दूसरी संक्रमण की लहर में राजस्थान के कार्यकर्ताओं ने जी-जान लगाकर जरूरमंदों की सेवा की।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से पहली लहर में भोजन, राशन पैकेट, फेसकवर, सैनेटाइजर एवं सैनेटाइजेशन का जो तमाम काम किया, वो अपने आप में अनूठे कार्य थे, जिनकी पूरे देशभर में प्रशंसा हुई। दूसरी लहर में बड़ा संकट था, बड़ी चुनौती थी।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. अरूण चतुर्वेदी ने कार्यक्रम संकल्पना पर सम्बोधन दिया, राजनीतिक प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने सम्बोधन दिया।