Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
रोनाल्डो सिंह ने स्प्रिंट में रजत जीतकर बनाया इतिहास - Sabguru News
होम Delhi रोनाल्डो सिंह ने स्प्रिंट में रजत जीतकर बनाया इतिहास

रोनाल्डो सिंह ने स्प्रिंट में रजत जीतकर बनाया इतिहास

0
रोनाल्डो सिंह ने स्प्रिंट में रजत जीतकर बनाया इतिहास

नई दिल्ली। भारत के रोनाल्डो सिंह ने बुधवार को एशियाई ट्रैक साइक्लिंग चैम्पियनशिप 2022 के आखिरी दिन इतिहास रचते हुए स्प्रिंट स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया।

यह प्रतियोगिता में उनका तीसरा पदक था। इससे पहले रोनाल्डो एक किमी टाइम ट्रायल और टीम स्प्रिंट स्पर्द्धा में कांस्य पदक जीत चुके थे।

चैम्पियनशिप के अंतिम दिन बुधवार को रोनाल्डो ने जापान के अनुभवी साइकिलिस्ट केंटो यामासाकी को कड़ी टक्कर दी, मगर उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा। यामासाकी ने रोनाल्डो को लगातार दो रेसों में हराकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि कज़ाकस्तान के आंद्रे चुगे ने तीसरा स्थान हासिल किया।

सुबह के मुकाबले में रोनाल्डो ने चुगे को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। रोनाल्डो ने पहले मुकाबले में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए अगली दोनों रेस जीती थीं।

अपने जन्मदिन पर रजत पदक जीतने के बाद रोनाल्डो ने कहा कि मेरे दिमाग में स्वर्ण था मगर मैं अपने पहले रजत से भी खुश हूं। यह मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मैंने हर टूर्नामेंट के साथ अपनी तकनीक पर काम किया, जो सबसे अहम था और अपने परिवार के आशीर्वाद से मैंने इसे हासिल किया।