
चूरू। चूरू में असम की एक युवती को होटल में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार असम में चंदनपुर में बारापेटा रोड निवासी युवती ने चूरू पुलिस अधीक्षक के सामने आपबीती बताते हुए इसकी रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर चूरू जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र में गांव सेऊआ निवासी आनंद तथा महेंद्र गोस्वामी पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया है कि फेसबुक पर हुई बातचीत के बाद आनंद ने उसे अपनी बातों में ले लिया। उससे शादी करने की बात करने लगा। आनंद ने उसे बताया कि वह अविवाहित है और उसके साथ शादी कर लेगा।
आनंद के बुलाने पर वह 22 अक्टूबर को चूरू आ गई। आनंद ने उसे एक होटल में ठहराया। उसके साथ महेंद्र गोस्वामी भी था। पीड़िता का आरोप है कि 22-23 अक्टूबर की रात लगभग एक बजे आनंद ने शादी का वादा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना लिए।
इसके बाद 28 अक्टूबर तक आनंद और महेंद्र ने इसी होटल में उसे डरा धमका कर रखा कि यहां पर उसका कोई नहीं है। उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं होगी। यह डर दिखाकर दोनों उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। बाद में उसे धमकी देकर छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात को इन दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 376-डी के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया, जिसकी जांच वृत्ताधिकारी सुखविंदरपाल सिंह कर रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। पीड़िता विवाहित है और एक बच्चे की मां है। उसकी एक बहन सेऊआ गांव में रहती है।