

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए गुरुवार रात यहां उनके निवास छह कृष्ण मेनन मार्ग पर रखा गया है तथा शुक्रवार सुबह भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित सकेंगे।
अखिल भारतीय अायुर्विज्ञान संस्थान में गुरुवार शाम निधन के बाद वाजपेयी का पार्थिव शरीर उनके निवास पर लाया गया। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित नये मुख्यालय में शुक्रवार पूर्वाह्न उनके पार्थिव शरीर को लाने का कार्यक्रम है।
इस बीच भाजपा मुख्यालय और देश भर में सभी पार्टी कार्यालयों में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया है। पार्टी कार्यकारिणी की 18 एवं 19 अगस्त को दिल्ली में प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई है।
केंद्र सरकार ने वाजपेयी के सम्मान में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गुरुवार से 22 अगस्त तक देश भर में सरकारी भवनों पर राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। उनका अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली में किया जाएगा।
वाजपेयी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को, सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा