Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
लंदन से लौटी सिंगर कनिका कपूर को कोरोना, पार्टी में हाथ मिलाने वाले खौफजदा - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood लंदन से लौटी सिंगर कनिका कपूर को कोरोना, पार्टी में हाथ मिलाने वाले खौफजदा

लंदन से लौटी सिंगर कनिका कपूर को कोरोना, पार्टी में हाथ मिलाने वाले खौफजदा

0
लंदन से लौटी सिंगर कनिका कपूर को कोरोना,  पार्टी में हाथ मिलाने वाले खौफजदा

लखनऊ। हिंदी फिल्मों की गायिका कनिका कपूर के भी कोराेना वायरस की चपेट में आ जाने से राजधानी लखनऊ में इससे पीड़ित लोगों की संख्या आठ हो गई जबकि पूरे राज्य में यह संख्या अब 23 है।

गायिका कनिका हाल ही में लंदन से लौटी थीं और उन्होंने पिछले रविवार को लखनऊ में 100 लोगों को पार्टी दी थी। गुरूवार को उनकी जांच की गई तो रिपोर्ट सकारात्मक पाई गई। उन्हें किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कराया गया है।

विश्वविद्यालय के सूत्रों ने कहा कि राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को चार मामले सामने आए। इनमें दो पुरूष,एक महिला और एक बच्ची है। सभी को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। राजधानी के महानगर इलाके के एक डाक्टर के परिवार के तीन लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। डाक्टर कनाडा से आई एक संक्रमित महिला का इलाज कर रहा था।

दूसरी ओर पुलिस एटा के अस्पताल से फरार हुई एक महिला की तलाश कर रही है। वह महिला अपने पति के साथ पिछले जनवरी में चीन के वुहान से लौटी थी। उसे पति के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। सभी जांच निगेटिव आने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। पिछले बुघवार करे उसने फिर खांसी, बुखार की शिकायत की तो उसे अस्पताल में दाखिल करा दिया गया लेकिन गुरूवार को वह अस्पताल से गायब हो गई। पुलिस उसकी तलाश में जलेसर के उसके घर में भी गई।

उत्तर प्रदेश में कोराेना से पीड़ित लोगों की संख्या 23 है। राजधानी लखनऊ और आगरा में आठ आठ, नोयडा में चार, गाजियाबाद में में दो और लखीमपुर खीरी में एक मरीज सामने आया है। आगरा और गाजियाबाद के पीड़ितों का इलाज दिल्ली में किया गया जहां सभी ठीक हो गये हैं।

लखीमपुर खीरी का मरीज कुछ दिन पहले ही तुर्की से लौटा था। उसे भी किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय में दाखिल कराया गया है।