Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बदलापुर महोत्सव में दर्शकों के रवैये से नाराज अक्षरा सिंह ने छोड़ा स्टेज - Sabguru News
होम Breaking बदलापुर महोत्सव में दर्शकों के रवैये से नाराज अक्षरा सिंह ने छोड़ा स्टेज

बदलापुर महोत्सव में दर्शकों के रवैये से नाराज अक्षरा सिंह ने छोड़ा स्टेज

0
बदलापुर महोत्सव में दर्शकों के रवैये से नाराज अक्षरा सिंह ने छोड़ा स्टेज

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर में चल रहे दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार काे रात में रंगारंग कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के हुल्लड़ हंगामे से नाराज भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह स्टेज छोड़ कर वापस चली गईं।

आयोजकों ने गुरुवार को बताया कि कल रात करीब 10 बजे कार्यक्रम में उस अक्षरा सिंह के स्टेज पर आने के बाद भारी हंगामा हो गया। दर्शक दीर्घा में से किसी ने स्टेज पर कंकड़-पत्थर फेंक दिया। इससे नाराज होकर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह स्टेज छोड़कर चली गईं। अभिनेत्री के मंच छोड़कर जाने से दर्शकों ने उपद्रव कर दिया। गुस्साए दर्शक कुर्सियों को उछालने और तोड़ने लगे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कार्यक्रम को कुछ देर के लिए बंद करा दिया गया।

गौरतलब है कि बदलापुर स्थित सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में मंगलवार को दो दिवसीय बदलापुर महोत्सव का आगाज हुआ था। बुधवार शाम भोजपुरी और बॉलीवुड के कलाकारों का कार्यक्रम था। अदाकारा अभिलिप्सा पांडा की प्रस्तुति के बाद भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह का कार्यक्रम शुरू हुआ। उन्होंने अपने दो गानों पर प्रस्तुति दी। तभी किसी ने उनके ऊपर कंकड़, पत्थर व कागज फेंक दिया।

इससे वह नाराज हो गईं और माइक से इस अभद्रता के बारे में बोलते हुए मंच छोड़कर जाने लगीं। तब तक दर्शकों में हलचल मच गई और कुर्सियों की फेंकाफेंकी शुरू हो गई। भीड़ अधिक होने की वजह से भगदड़ का माहौल हो गया। ऐसे में स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी।

इस बीच हुए पथराव में एक ड्रोन कैमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम को बंद कर दिया गया। बाद में बचे हुए कार्यक्रमों को शुरू किया गया। बदलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि अक्षरा सिंह पर किसी ने कागज का टुकड़ा और कुछ कंकड़ फेंक दिया था। इससे नाराज होकर वह चली गईं। उनके जाते ही दर्शकों ने कुर्सियों पर गुस्सा उतारना शुरू कर दिया। ऐसे में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। तब जाकर माहौल शांत हुआ।