

SABGURU NEWS | बलरामपुर उत्तर प्रदेश में बलरामपुर के जरवा कोतवाली क्षेत्र में आज अचानक लगी आग में झुलसने से एक बच्ची की मृत्यु हो गयी जबकि उसकी माँ और बहन झुलस गई।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जरवा इलाके के सिसई नेवलगढ़ गांव में किसान मोतीलाल और उसकी पत्नी गीता खलिहान में काम कर रहे थे। इस दौरान उसके घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के पांच अन्य घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घर में सो रही एक वर्षीय बच्ची को बचाने के गीता दौड़ी लेकिन जब तक कुसमा दम तोड़ चुकी थी। इस घटना में गीता और उसकी चार साल की बेटी माधुरी गंभीर रुप से झुलस गयी।
सूचना पर अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंच कर बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग में झुलसी मां-बेटी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। अग्निकांड के कारणों का पता लगाया जा रहा है।