Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भीलवाड़ा : बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का अंतिम संस्कार - Sabguru News
होम Rajasthan Bhilwara भीलवाड़ा : बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का अंतिम संस्कार

भीलवाड़ा : बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का अंतिम संस्कार

0
भीलवाड़ा : बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का अंतिम संस्कार

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बनेड़ा के पूर्व विधायक पराक्रम सिंह का आज अंतिम संस्कार किया गया। सिंह का बीमारी के बाद जयपुर में उपचार के दौरान गुरुवार को निधन हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और बनेड़ा कस्बावासियों ने जगह जगह पुष्प वर्षा करके उन्हें अंतिम विदाई दी।

सुबह नजर बाग स्थित अक्षय भवन से सिंह की अंतिम यात्रा बैंडबाजों के साथ शुरू हुई जो चौखी बावड़ी चोराहा, नाथकुई, माण्डल गेट, भोई मौहल्ला, कायमखानी मौहल्ला होते हुए महासतिया स्थित मोक्षधाम धाम पर पहुंची जहां पर सिंह की पार्थिव शरीर को उनके पुत्रों ने मुखाग्नि दी। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तरफ से सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया गया।

सिंह के अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व जिला प्रमुख शक्ति सिंह हाड़ा सहित भाजपा एवं कांग्रेस दोनों पार्टियों के कई वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस मौके पर कस्बे के शिक्षण संस्थान एवं व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख कर सिंह को अंतिम विदाई दी।

सिंह वर्ष 1993 में बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। वह बनेड़ा पंचायत समिति के प्रधान, पंचायत समिति सदस्य तथा बनेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच भी रहे और इस दौरान कस्बे में कराए ऐतिहासिक कार्यो के लिए कस्बे की जनता सदा याद करेंगी।

बिजली गिरने से एक किसान की मौत

भीलवाड़ा जिले के जहाज़पुर पंडेर के जवाहर नगर में आज दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंडेर पुलिस स्टेशन के सामने स्थित जवाहर नगर में हेमेंद्र शर्मा अपने खेत पर था कि इसी दौरान बारिश शुरु हो गई और अचानक बिजली गिर जाने से शर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पंडेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को राजकीय चिकित्सालय भिजवाया।