Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
अजमेर : वासुदेव देवनानी ने किया ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer अजमेर : वासुदेव देवनानी ने किया ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन

अजमेर : वासुदेव देवनानी ने किया ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन

0
अजमेर : वासुदेव देवनानी ने किया ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन

अजमेर। राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में आज ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन किया।

देवनानी ने स्थानीय पंचशील स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विधायक कोष से 55 लाख रुपए की लागत से स्थापित होने वाले ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का भूमि पूजन किया।

उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी की प्रचंडता के मद्देनजर अस्पताल में ऑक्सीजन के स्थाई व्यवस्था के क्रम में उन्होंने यहां विधायक कोष से 55 लाख रुपए दिए हैं। ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ 25 जून तक किया जाएगा और उसके बाद प्रतिदिन 35 ऑक्सीजन सिलेंडर इस अस्पताल को इसी प्लांट से उपलब्ध हो जाएंगे।

इस मौके पर भाजपा शहर अध्यक्ष प्रियशील हाडा, महापौर बृजलता हाडा व उपमहापौर नीरज जैन भी उपस्थित रहे। एक अन्य कार्यक्रम में देवनानी ने 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी जनसेवा के लिए समर्पित किए। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि वर्तमान में कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं।

चंद्रवरदाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ध्यान नहीं दे रही सरकार

पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी विधायक अनिता भदेल ने राज्य की गहलोत सरकार पर चिकित्सा व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस कारण अजमेर के चंद्रवरदाई नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सा व्यवस्था नहीं बन पाई।

भदेल आज अपने विधानसभा क्षेत्र के चंद्रवरदाई नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 54 लाख रुपए की लागत से विधायक कोष से बनने वाले मेडिलाइव ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट के भूमि पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर में भी इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा सका।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में पांच करोड़ की लागत से बने इस अस्पताल के उद्घाटन के तीन माह बाद सरकार बदल गई जिससे यहां चिकित्सा व्यवस्था नहीं बन पाई। हमारी बार बार मांग के बावजूद यहां चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ आदि की सरकार स्थाई पोस्टिंग नहीं कर पाई। परिणामस्वरूप यहां चिकित्सकीय संसाधनों का अभाव रहा।

गहलोत सरकार से मांग के बावजूद यहां ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर आरोप लगाया कि वे केवल एसी कमरे में बैठकर बयानबाजी करते हैं और उनके चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा को केकड़ी से फुरसत नहीं है। ऐसी स्थिति में उन्होंने अपने विधायक कोष से 54 लाख की लागत से स्थाई जनरेटर प्लांट का रास्ता निकाला है। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक इस ओर ध्यान नहीं देगी, उनका संघर्ष जारी रहेगा।