
सिरोही। पश्चिमी बंगाल के चुनाव परिणामों के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं और उनके गुंडों द्वारा की गई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या, हमले, मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी, बलात्कार और लूटपाट की घटनाओं को भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने शर्मसार करने वाला बताया।
इस हिंसा के विरोध में बुधवार को प्रदेशव्यापी विरोध स्वरूप सभी जगह भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न माध्यमों से विरोध दर्ज कराएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां के निर्देशानुसार पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं को कोरोना संक्रमण काल में निर्धारित मापदंडों एवं कोरोना गाईड लाईन का पालन करते हुए परस्पर दूरी मास्क है जरूरी के तहत जगह जगह बंगाल में घट रही घटनाओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसमें कार्यकर्ता काली रिबिन बांधकर नगर, गांव, बूथ स्तर पर सुविधा अनुसार सीमित संख्या में बंगाल में पसरे अराजकता के वातावरण के खिलाफ विरोध करेंगे। समस्त पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता सोशल प्लेटफॉर्म पर भी एसएमएस, ट्वीट, फेसबुक, वीडियो आदि बनाकर बंगाल की घटनाओं की निंदा के साथ कड़ा प्रतिकार करें।
नारायण पुरोहित ने कांग्रेस व विपक्षी पार्टियां के मौन रहने पर आश्चर्य जताया और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सहन नहीं की जाएगी। बंगाल की मुख्यमंत्री मुख दर्शक बनकर इन हिंसक घटनाओं को देख रही है। शायद ममता बनर्जी को लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। आजाद भारत में चुनाव नतीजों के बाद सरकार बनाने वाली पार्टी की ओर से इतनी गुंडागर्दी एवं असहिष्णुता शर्मनाक है।
बंगाल के कार्यकर्ताओं पर जो प्रहार हो रहे हैं उन सभी के साथ देश का प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता खड़ा है और प्रजातांत्रिक तरीके से लड़ने के लिए भाजपा कृत संकल्प है। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने दी।