

उदयपुर । राजस्थान में चित्तौड़गढ जिले की बड़ी सादड़ी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं।
भाजपा ने वर्तमान विधायक गौतम कुमार को फिर चुनाव मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस पार्टी ने दो बार विधायक रहे प्रकाश चौधरी पर चुनावी दांव खेला हैं। हालांकि बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) के राधेश्याम मेघवाल एवं पांच निर्दलीय सहित आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे है लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही माना जा रहा हैं।
मध्यकालीन भारतीय इतिहास में मेवाड़ साम्राज्य के बलिदान और वीरगाथाओं के लिये प्रसिद्व बड़ी सादड़ी में वर्ष 2013 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी सादड़ी विधानसभा सीट पर कांग्रेस का लगातार दो बार कब्जा रहा लेकिन पिछले चुनाव में मोदी लहर में इस सीट पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया।
किसान बहुल क्षेत्र बड़ी सादड़ी में चुनाव में जैन और माहेश्वरी समाज के मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 79.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। भाजपा के गौतम कुमार ने पिछले दो बार के कांग्रेस के विधायक रहे प्रकाशचंद चौधरी को 17 हजार 261 मतो से पराजित किया।
वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रकाशचंद चौधरी ने भाजपा के भैरूसिंह चौहान को 26 हजार 589 मतो से शिकस्त दी। वर्ष 1967 से अब तक यहां 11 बार विधानसभा चुनाव हुये जिसमें छह बार कांग्रेस तथा चार बार भाजपा एवं एक बार जनता पार्टी ने विजय हासिल की। वर्ष 1967 एवं 1972 में कांग्रेस के ललितसिंह, 1977 में जनता पार्टी के वर्दीचंद, 1980 एवं 1985 उदयराम धाखड, 1990. छगनलाल (भाजपा), वर्ष 1993 एवं 1998 में भाजपा के गुलाबचंद कटारिया, वर्ष 2003 एवं 2008 में कांग्रेस के प्रकाश चंद चौधरी तथा 2013 में भाजपा के गौतम कुमार इस सीट से विजय हासिल की थी।