Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
BJP announces candidates for 3 more seats in Madhya Pradesh-मध्यप्रदेश : भाजपा के तीन और प्रत्याशी घोषित - Sabguru News
होम Madhya Pradesh Bhopal मध्यप्रदेश : भाजपा के तीन और प्रत्याशी घोषित

मध्यप्रदेश : भाजपा के तीन और प्रत्याशी घोषित

0
मध्यप्रदेश : भाजपा के तीन और प्रत्याशी घोषित
BJP announces candidates for 3 more seats in Madhya Pradesh
BJP announces candidates for 3 more seats in Madhya Pradesh

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने आज मध्यप्रदेश की तीन और संसदीय क्षेत्रों धार, रतलाम और खजुराहो से अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। धार से छतरसिंह दरबार, रतलाम से जीएस डामोर और खजुराहो से पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।

खजुराहो से प्रदेश महामंत्री शर्मा को टिकट दिया गया है। शर्मा का नाम भोपाल सीट से भी सामने आया था, लेकिन भाजपा का ही एक गुट उन्हें इस सीट पर पसंद नहीं कर रहा था। शर्मा को पांच माह पहले विधानसभा चुनाव में भोपाल की गोविंदपुरा सीट से भी प्रत्याशी बनाया जा रहा था, लेकिन तब भी उन्हें ऐन मौके पर टिकट नहीं मिल पाया था। शर्मा पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित रतलाम झाबुआ संसदीय सीट से भाजपा ने जीएस डामोर को प्रत्याशी बनाया है। पेशे से इंजीनियर डामोर ने हाल ही में जल संसाधन विभाग से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है। वे मूल रूप से झाबुआ जिला निवासी हैं। उन्होंने पांच माह पहले विधानसभा चुनाव लड़ने का भी प्रयास किया था। उनका मुकाबला कांग्रेस के वर्तमान सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया से है।

अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित धार सीट से भाजपा ने पूर्व सांसद छतर सिंह दरबार पर दाव खेला है। भाजपा ने वर्तमान सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर के स्थान पर दरबार को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस के युवा नेता दिनेश गिरवाल से रहेगा। दरबार दो बार सांसद रह चुके हैं।

भाजपा के इस तरह अब तक 29 में से 24 सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। अभी भोपाल, इंदौर, विदिशा, सागर और गुना के प्रत्याशी शेष हैं। वहीं कांग्रेस के 29 में से 28 प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। कांग्रेस को एकमात्र इंदौर से प्रत्याशी घोषित करना है।

इंदौर में भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन आठ बार से लगातार चुनाव जीतती आ रही हैं। इस बार उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इंदौर से भाजपा प्रत्याशी का इंतजार कर रही है। उसके अनुरूप वह अपना प्रत्याशी घोषित करेगी।