Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नारायण राणे को भी राज्यसभा में लाएगी भाजपा, 18 नामों का ऐलान - Sabguru News
होम Breaking नारायण राणे को भी राज्यसभा में लाएगी भाजपा, 18 नामों का ऐलान

नारायण राणे को भी राज्यसभा में लाएगी भाजपा, 18 नामों का ऐलान

0
नारायण राणे को भी राज्यसभा में लाएगी भाजपा, 18 नामों का ऐलान
Former Maharasthra chief minister Narayan Rane
Former Maharasthra chief minister Narayan Rane
Former Maharasthra chief minister Narayan Rane

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को उनके गृहराज्य से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है जबकि पार्टी महासचिव अनिल जैन और सरोज पाण्डेय को क्रमश: उत्तर प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से प्रत्याशी घोषित किया गया है।

भाजपा ने राज्यसभा के 58 सीटों के द्विवार्षिक चुनावों के लिए रविवार शाम अपने 18 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। पहली सूची में आठ प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी को उत्तराखंड जबकि प्रवक्ता जीवीएल नरसिंह राव को उत्तर प्रदेश से संसद के उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।

भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति के सचिव एवं केन्द्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा जारी इस सूची में उत्तर प्रदेश से सात उम्मीदवार, मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं महाराष्ट्र से दो-दो, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, झारखंड, हरियाणा एवं उत्तराखंड से एक-एक उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

पार्टी ने उत्तर प्रदेश से अशोक बाजपेई, विजयपाल सिंह तोमर, सकलदीप राजभर, जीवीएल नरसिंह राव, हरनाथ सिंह यादव, कांता कर्दम और डॉ. अनिल जैन को प्रत्याशी बनाया है। महाराष्ट्र से नारायण राणे और वी मुरलीधरन, मध्यप्रदेश से अजयप्रताप सिंह और कैलाश सोनी तथा राजस्थान से किरोड़ीलाल मीणा और मदनलाल सैनी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

छत्तीसगढ़ से सरोज पांडेय, उत्तराखंड से अनिल बलूनी, हरियाणा से पूर्व सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल (अवकाशप्राप्त) डी पी वत्स, झारखंड से समीर उराँव तथा कर्नाटक से राजीव चंद्रशेखर को संसद के उच्च सदन का टिकट दिया गया है। पहली सूची में सात केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव की उम्मीदवारी घोषित की जा चुकी है।