Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भाजपा की अजमेर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली - Sabguru News
होम Rajasthan Ajmer भाजपा की अजमेर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली

भाजपा की अजमेर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली

0
भाजपा की अजमेर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भारतीय जनतापार्टी शहर एवं देहात ने संयुक्त रूप से राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आज ‘जन आक्रोश रैली’ का आयोजन किया।

शहर भाजपाई आजाद पार्क से एवं देहात भाजपाई रोडवेज बस स्टेण्ड पर एकत्रित हुए और अलग अलग सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। भाजपा की यह जन आक्रोश रैली कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली के खिलाफ तथा प्रदेश में गहलोत सरकार के तीन साल पूरे होने के विरोध में रही।

भाजपाइयों ने हाथों में कांग्रेस सरकार विरोधी तख्तियां, बैनर, पोस्टर तथा भाजपा का झण्डा थामे धरना प्रदर्शन किया। देहात भाजपा की ओर से ऊंट गाड़ी लाकर यह जताया गया कि देश में सबसे ज्यादा महंगा पेट्रोल एवं डीजल की दरें राजस्थान में है और प्रदेश की जनता इससे त्रस्त है।

इस अवसर पर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि हमारा आज का प्रदर्शन कांग्रेस शासन के कुशासन, वादाखिलाफी एवं मंहगाई के विरोधस्वरूप है। उन्होंने प्रदेश की गहलोत सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले जो वादे किए गए वे आज तक पूरे नहीं हुए है और किसानों, बेरोजगार एवं जनता को ठगा गया और चुनाव घोषणा पत्र से मुकर गए।

उन्होंने कहा कि तीन साल का कार्यकाल आपस में लड़कर राजस्थान को बदनाम करने का काम इस शासन में किया गया। राजस्थान की निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।

पूर्व मंत्री विधायक वासूदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, महिला अत्याचार सर्वाधिक है। सबसे मंहगी बिजली के बावजूद बिजली संकट बरकरार है। हमें ऐसी सरकार जो जनता के हितों को सुरक्षित न रख सके, उसे सत्ता से हटाने का संकल्प लेना होगा।

पूर्व मंत्री एवं विधायक अनीता भदेल ने कहा कि गहलोत सरकार के तीन सालों में जनता को कुछ नहीं मिला। किसानों का ऋण माफ नहीं किया गया। बेरोजगारों को भत्ता नहीं दिया गया, बिजली को महंगा कर दिया गया, महिलाओं पर अत्याचार सर्वाधिक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जयपुर में हिन्दू एवं हिन्दुवादी पर जो कहा है, जनता चुनावों में इसका जवाब देगी।

अजमेर देहात भाजपा के अध्यक्ष देवीशंकर भूतडा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ी है।युवाओं में आक्रोश है। सरकार के कार्य जनविरोधी है। अहंकारी सरकार को जवाब देने तथा गलत सरकारी नीतियों के खिलाफ जन आक्रोश रैली आयोजित कर सोई सरकार को जगाने का काम भाजपा और उसके कार्यकर्ता कर रहे है। शहर अध्यक्ष डा. प्रियशील हाडा ने भी अपनी बात रखी।

जन आक्रोश रैली में अजमेर शहर व देहात मंडलों के कार्यकर्ता, महिला मोर्चा, भाजपा युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किशनगढ़, पुष्कर, ब्यावर, नसीराबाद, केकडी़, मसूदा, भिनाय, पीसांगन, जवाजा से भी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।