

कन्नूर। केरल के कसारगौड में गुरुवार को सबरीमला मुद्दे को लेकर निकाली गई भारतीय जनता पार्टी की ‘सबरीमला सुरक्षा रथ यात्रा’ पर पथराव किया गया। इस रथ यात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पीएस श्रीधरन पिल्लई और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन गठबंधन के संयोजक तुषार वेल्लापल्ली ने किया।
भाजपा की राष्ट्रीय क्रियान्वयन समिति के सदस्य और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पीके कृष्ण दास ने आरोप लगाया कि यात्रा पर पथराव की घटना के पीछे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ है। भाजपा की ‘सबरीमला सुरक्षा रथ यात्रा’ आज सुबह कसारगौड के मधुर मदनाथेश्वरा सिद्धिविनायक मंदिर से शुरू हुई थी।
पथराव की घटना में हालांकि किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। दास ने कहा कि पथराव की इस घटना की जानकारी राज्य की सत्तारूढ़ वामपंथी सरकार को थी। पुलिस इस घटना के दोषियों को गिरफ्तार करने में रूचि नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि इस हमले के विरोध में राजग गठबंधन शुक्रवार को ‘विरोध दिवस’ मनाएगा।