
अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ में भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कसाना को करीब पांच घंटे के बाद रिहा कर दिया गया।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कसाना ने सोमवार को रामगढ उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन के दौरान समुदाय विशेष को लेकर भड़काऊ भाषण दिया था। इसी मामले में पुलिस ने राजेंद्र कसाना के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में धारा 151,108 सीआरसीपी में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आज भारी बल के साथ राजेंद्र कसाना के घर पर दबिश देकर उसको गिरफ्तार किया।
कसाना को गिरफ्तार करने के विरोध में मंगलवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय नरूका सहित अलवर विधायक संजय शर्मा एवं थानाधिकारी चेंबर में घुसने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। विधायक के साथ युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जलेसिंह भी मौजूद थे। इसके बाद भाजपा नेता सुखवंत सिंह भी रामगढ़ थाने पर पहुंच गए।
माहौल को बिगड़ता देख पुलिस ने पहले से ही क्यूआरटी के जवान एवं पुलिस जाब्ता भारी मात्रा में थाने पर मौजूद था। इस बीच पुलिस ने कसाना को शांति भंग में रामगढ़ एसडीएम कोर्ट में पेश किया। उसके पश्चात मामला शांत हुआ।
पुलिस उपाधीक्षक कमल मीणा ने बताया कि राजेंद्र कसाना को रामगढ़ थाना प्रभारी द्वारा धारा 151 और 108 सीआरपीसी में गिरफ्तार किया गया। उसके बाद उनको आज संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में पेश किया गया जहां से 20 हजार की जमानत मुचलके पर पाबंद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कसाना को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हिरासत में लिया गया है और धारा 151 और 107 सीआरपीसी में उन्हें उपखंड अधिकारी के समक्ष पेश कर पाबंद कराया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने रामगढ़ में धरने के दौरान भड़काऊ भाषण और धमकी भरे लहजे का उपयोग किया था।