

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आज विरोध प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
अजमेर भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय ड़ाक बंगला पर एकत्रित हुए और वहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधीश कार्यालय पहुंचे जहां कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंड़ल ने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन जिला कलेक्टर काे सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य के किसानों और नौजवानों को झूठे वादे के दम पर बरगलाकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार मात्र दो साल में ही जनता का विश्वास खो चुकी है। सत्ताधारी दल के विधायकों में गुटबाजी, असंतोष एवं अविश्वास के चलते कांग्रेस संगठन दो हिस्सों में बंटी है और प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भूलकर एक दूसरे को नीचा दिखाने में जुटे हुए हैं।
ज्ञापन में बदहाल कानून व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाएं, बिजली दरों में वृद्धि, बजट की झूठी घोषणाओं पर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया गया।