
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में तीन साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं प्रदेश के कार्यकर्ताओं एवं आमजन का आभार जताया है।
इस मौके पर डा पूनियां ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रुप में मनोनयन के तीन वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के कार्यकर्ताओं एवं आमजन के प्रति पत्र के माध्यम से आभार जताते हुए मोदी के कुशल नेतृत्व में मिशन 2023 और 2024 में भाजपा ऐतिहासिक जीत के विजय संकल्प के लिए प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने पत्र में कहा कि इस कालखंड में पार्टी संगठन के सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों का योग्यमार्गदर्शन एवं सहयोग मिला। इस कारण ही मैं इस गुरुतर दायित्व का भलीभांति निर्वह्न कर पाया। जब पीछे देखता हूं कि दो वर्ष तो कोरोना से लड़ने की चुनौतियों में ही बीते, लेकिन इस बात का भी गौरव है कि मैं एक ऐसे राजनीतिक परिवार का नेतृत्व कर रहा हूं, जो स्वभाव और संस्कार से सेवाभावी है।
उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि आज राजस्थान में भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं की परंपरा का निर्वह्न करते हुए गतिमान है। हमने संगठन के कार्यों के उत्तरोत्तर विस्तार के लिए सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी भावनाओं को मुखर किया, उसे रचनात्मक आंदोलन का रुप दिया। यही कारण है कि आज संगठन बूथ स्तर पर गठित होकर धरातल पर बहुआयामी गतिविधियां संचालित कर रहा है।
पार्टी का विधायक दल सदन में और सड़क पर तथा पार्टी का संगठन मंडलों और जिलों में बहुविध गतिविधियों के जरिए जनता की मुखर आवाज बना है। पार्टी के सभी सांसदों के समर्पित प्रयासों से केन्द्र की मोदी सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों से जन हित के प्रयासों को गति मिली है। पार्टी के सभी सातों मोर्चों का संगठन मंडल स्तर पर गठित होकर जमीनी सतर पर अपनी पहचान बना चुका है और ये सभी मोर्चें राजनीतिक रुप से जनता की आवाज बन चुके हैं।
उन्होंने माना कि उपचुनावों में उनकी कुछ रणनीतिक कमजोरी रही और कांग्रेस को बोलने का मौका मिला लेकिन हमने उसकी भरपाई पंचायती राज विशेषकर जिला परिषद में बहुमत हािसल करके पूरी कर ली और पहली बार किसी विपक्षी दल को ऐतिहासिक बढ़त मिली।
डा पूनियां ने कहा कि इस तीन वर्ष के सोपान पर वह कह सकते हैं कि जो अपेक्षा संगठन ने उनसे की है हमने अपनी टीम के साथ मन, वाणी एवं कर्म से पूरी करने की कोशिश की है और यह मिशन 2023 एवं 2024 और आगे भी केन्द्रीय संगठन के नीति और निर्देश के अनुरुप करते रहेंगे और भविष्य में भाजपा राजनीतिक रुप से अजेय और अभेद्य बने, इसके लिए पूर्ण समर्पण से काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि चूरु जिले के राजगढ़ तहसील के एक छोटे से गांव में जन्मे डा पूनियां वर्ष 1982 में पढ़ने के लिए जयपुर आए और महाराजा कॉलेज में विज्ञान स्नातक की पढ़ाई के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संपर्क में आकर राजनीति में प्रवेश किया। वह वर्ष 1992 से 1998 तक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे। उन्होंने युवा मोर्च के प्रदेश अध्यक्ष के रुप में अजमेर से भरतपुर तक की 500 किलोमीटर की युवा जागरण पदयात्रा भी की।
राजस्थान के राजनीतिक इतिहास में इस तरह की यह पहली यात्रा थी और इस यात्रा में उन्होंने अजमेर से भरतपुर तक में 34 विधानसभा क्षेत्र, नौ लोकसभा और 225 गांवों का दौरा करते हुए लगभग दस लाख लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ा।
डॉ. पूनियां वर्ष 2004 से 2014 तक चार बार भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहने के साथ उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वह्न किया। वह वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। डा पूनियां को 14 सितंबर 2019 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।