

सबगुरु न्यूज-सिरोही। जिला भाजपा ने सोमवार को सुभाष उद्यान में कांग्रेस की प्रदेश सरकार के खिलाफ सांकेतिक उपवास और धरना दिया। कांग्रेस इस धरने से इस बात को लेकर खुश हो सकती है कि संभवत: पहली बार मुखर्जी और उपाध्याय की जगह उपवास स्थल पर सत्याग्रह के जनक महात्मा गांधी की तस्वीर थी। उनके साथ भीमराव अम्बेडकर भी थे। भाजपा के धरने में ये ‘अभूतपूर्व’ था।
धरने की ये बात कांग्रेस को खुश कर सकती है और गिनाई गई विफलताओं की फेहरिस्त से वो काम करने की प्रेरणा ले सकती है। यूं महापुरुष किसी जाति, सम्प्रदाय और पार्टी से नहीं अपितु संपूर्ण राष्ट्र के हैं। फिर भी भारत में राजनीतिक विचारधाराओं ने इन महापुरुषों को भी कांग्रेस, भाजपा, बसपा और अन्य पार्टियों में बांट दिया है। उपवास शुरू होने से लेकर अंत तक जिले के सैंकड़ों भाजपाई धरना व उपवास स्थल पर जमे रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित के नेतृत्व में दिए गए धरने में कांग्रेस की गहलोत सरकार और स्थानीय निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा के खिलाफ सभी ने गुबार निकाला। पुरोहित ने पूर्व की तरह ही अशोक गहलोत की सरकार को अस्थिर सरकार बताया। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि यह सरकार गिर जाएगी। उन्होंने नाम लिए बिना स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि विधायक कब निर्दलीय हो जाते हैं और कब कांग्रेस के एसोसिएट यह पता नहीं चलता। उन्होंने माना कि कांग्रेस के सिरोही बोर्ड में जिन चार निर्दलीयों का समर्थन हैं वे भी भाजपा से जुडे हुए ही हैं। यह कहकर एक तरह से उन्होंने निकाय चुनावों में टिकिट वितरण की खामी की ओर भी इशारा कर दिया। उन्होंने उपवास और धरने को अभूतपूर्व बताते हुए सबगुरु न्यूज को भी इसे जनता तक पहुंचाने को कहा।

पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने संयम लोढ़ा को विफल करार दिया। उन्होंने दावा किया कि लोढ़ा से सरूपगंज में लोगों ने सवाल जवाब किए तो उन्हें मुंह की खाकर जानी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भाजपा के किए हुए कामों की वाहवाही लूट रही है। रेवदर विधायक जगसीराम कोली ने कहा कि कांग्रेस अपने उन वायदों को पूरा करने में नाकाम रही है, जिन्हें करके वह सत्ता पर काबिज हुई है।
जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था चरमरा गई है अपराध इस कदर चरम पर है कि अपराधियों में कोई खौफ बचा नही है। आये दिन बलात्कार जैसी घटना सुनने में आ रही है। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार दिनों दिन बढ रहे हंै।
पूर्व जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आते ही किसानों का बेहाल है गांवों में बिजली कटौती से किसान परेशान है। किसानों के कर्जमाफ नही होने से बेदहाल स्थिति में है। उन्होनें कहा कि कांग्रेस सरकार का एक साल पूरा हो चुका है लेकिन सरकार दिल्ली से जयपुर आने जाने में व्यस्त है। जनता की कोई सुनवाई नही है।
जिला मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने बताया कि इस मौकें पर विधायक जगसीराम कोली, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश दवे, दीपाराम पुरोहित, रोहित रावल, हेमंत पुरोहित, सुरेश सगरवंशी, मांगूसिंह बावली, महिपाल चारण ओर कई पदाधिकारीयों ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रधान प्रज्ञा कुंवर, उपप्रमुख कानाराम चैधरी, जिला महामंत्री मदनसिंह देवडा, कालूराम जणवा पूर्व सभापति ताराराम माली, जिला उपाध्यक्ष हिम्मत राजपुरोहित, अशोक पुरोहित मौजूद थे।
हेमलता पुरोहित, मोर्चा जिलाध्यक्ष गणपतसिंह राठोर, प्रकाश मेघवाल, मनीष मोरवाल, रक्षा भंडारी, योगेन्द्र गोयल, मंडल अध्यक्ष लीलाराम प्रजापत, हीदाराम माली, नरपतसिंह, राजेन्द्र अग्रवाल, अरूण ओझा, जुजारसिंह, बाबूभाई पटेल, अरूण परसरामपुरिया, जयसिंह राव, मोहन माली, प्रताप परमार, धनाराम मीणा, प्रकाश पटेल, जब्बरंिसंह, कपूर पटेल, रामेश्वर कंसारा, प्रवीण राठोर, मगन मीणा, रणछोड प्रजापत, लोकेश खण्डेवाल, विनोद रावल, हार्दिक देवासी, नारायण देवासी, महालक्ष्मी झा, नरपतसिंह राणावत, रेणू वर्मा, गोविंदलाल माथुर, रणछोड पुरोहित, दर्शाना देसाई, मनीष पुरोहित, गोविंदसिंह, गोविंद माली, अजय भटट, हरजीराम चौधरी समेत सैंकड़ों लोगों ने धरने व सांकेतिक उपवास में हिस्सा लिया।
-पंचायत स्तर पर प्रदर्शन कल
भाजपा कांग्रेस के एक साल पूर्ण होने पर इन धरनों को अब पंचायत चुनाव साधने का माध्यम भी मान रही है। धरने के दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को सभी पंचायत समिति स्तर पर मार्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के 365 दिन पूर्ण होने पर 365 कदम चला जाएगा। इस दौरान पंचायत स्तर पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के 365 विफलताएं भी गिनवाई जाएगी।
-भाजपा ने धर्म व उपवास के नाम पर जनता को गुमराह करने का कार्य किया है – आर्य
प्रदेश की गहलोत सरकार ने अपने जनघोषणा पत्र को धरातल पर उतारकर विकास कार्यो को करवाने का जो काम शुरू किया, उससे विपक्ष की बोलती बंद होगयी है एव अभी हाल ही में ं नगरनिकाय चुनावों में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए जो जनादेश दिया उससे बोखलाई भाजपा अब आमजन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए सत्याग्रह करने का नाटक कर रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य ने भाजपा के इस सत्याग्रह को मिथ्याग्रह बताया उन्होंने भाजपा के जिला मुख्यालय पर दिये गये उपवास वाले कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी मोर्चो में फेल हाने के बाद भाजपा अब उपवास ओर धरने के बहाने आमजन को बरगलाने का काम कर रही है ।
आर्य ने कहा कि आगामी माह मेें होने वाले पंचायत चुनाव को देखते हुए भाजपा का ये उपवास व धरना प्रदर्शन केवल चुनावी स्ंटट हे। आर्य ने कहा कि केन्द्र में सत्तासीन व प्रदेश में विपक्ष में बैठी भाजपा ने धर्म व उपवास के नाम पर जनता को गुमराह करने का कार्य किया है ं। उन्होने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वायदों को एक साल के कार्यकाल में पुरा कर जनता का विश्वास जीता है उसी के परीणामस्वरूप जनता ने भाजपा को निकाय चुनाव में बुरी तरह से शिकस्त दी।
उन्हानें कहा कि गहलोत सरकार ने सत्ता सभांलते ही किसानों को फसल ऋण माफ किया,बेरोजगारो को रोजगार भत्ता,पंचायत चुनावों में शैक्षणिक बाध्यता समाप्त,गरीबों को 1 रूपयें किलो गेंहू,वृद्धों,विधवाओं,एवं दिव्यांगो के पेंशन योजना में बढ़ोतरी,मनरेगा मजदूरो के कार्य दिवस में बढ़ोतरी करने के साथ साथ ईडब्ल्यूएस के आरक्षण नियमोे मे शिथिलता तथा एमबीसी के तहत गुर्जर समाज को आरक्षण का लाभ देने के साथ कई जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगो को लाभान्वित करने का काम किया है ।
आर्य ने कहा कि पूर्ववर्ती वसुन्धरा राजे सरकार की जनविरोधियों नीतियों के परीणामस्वरूप् प्रदेश विकास के पायदान से कोसो दूर होगया था जिसे गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ ने एक बार फिर प्रदेश को सिरमोर बनाया है उन्होने कहा कि भाजपाई प्रदेश की बेहतरी कैसे हो क्या विकास होने चाहिये के लिए सरकार के साथ खडे होते तो ज्यादा अच्छा होता लेकिन ये लोग उपवास के बहाने आमजन की भावनाओ के साथ खेलने का प्रयास कर रहें है जिसे जनता समझ रही है।