

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में पार्टी के एक कार्यकर्ता की अपहरण के बाद हत्या को लेकर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि हिंसा का सफर लंबे समय तक नहीं चलेगा।
शाह ने ट्वीट कर कहा है कि पुलवामा में भाजपा कार्यकर्ता शाबिर अहमद की हत्या के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। इस तरह का कृत्य निंदनीय है। आतंकवादी कश्मीर के युवकों को बेहतर भविष्य का विकल्प चुनने से नहीं रोक सकते।
गाैरतलब है कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में पुलिस को सूचना मिली थी कि भाजपा कार्यकर्ता शाबिर अहमद भट्ट कल शाम से अपने गांव पाठन से लापता है। इसके बाद की गई खोजबीन में कचरे के ढेर में पड़ा एक शव मिला अौर जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि यह शव लापता हुए शाबिर का था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अल्ताफ ठाकुर ने घटना की तीखी निंदा करते हुए कहा कि शाबिर ईद मनाने अपने घर के लिए निकला था, लेकिन उसका अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गयी।
दूसरी तरफ जम्मू कश्मीर में ईद के मौके पर अनंतनाग जिले में प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसूगैस के गोले छोड़े। सूत्रों के अनुसार प्रदर्शनकारियों के सुरक्षा बलों पर पथराव करने के बाद यह स्थिति बनी।