Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का निधन - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

0
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का निधन
Bollywood actor Rishi Kapoor passed away
Bollywood actor Rishi Kapoor passed away
Bollywood actor Rishi Kapoor passed away

मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार को यहां निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू, बेटा रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर हैं। अभिनेता को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद कल यहां एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गौरतलब है कि ऋषि कपूर को 2018 में कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था जिसके बाद उन्होंने करीब एक वर्ष तक अमेरिका के न्यूयाॅर्क में रह कर अपना इलाज कराया था। वह ठीक होने के बाद पिछले वर्ष ही स्वदेश लौटे थे।

लॉकडाउन तोड़कर ऋषि को अंतिम विदाई देने नहीं आएं प्रशंसक

बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक संतप्त कपूर परिवार ने उनके प्रशंसकों से अपने प्रिय कलाकार को अंतिम विदाई देने के लिए लॉकडाउन न तोड़ने का आग्रह किया है। कपूर परिवार ने यहां एक आधिकारिक बयान जारी कर ऋषि कपूर के निधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रिय ऋषि कपूर का ल्यूकेमिया के साथ दो साल की लड़ाई के बाद अस्पताल में आज सुबह 08:45 बजे निधन हो गया।

अस्पताल के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने (ऋषि कपूर ने) अंतिम समय तक उनका मनोरंजन किया। वह दो महाद्वीपों में अपने इलाज के दौरान भी पूरे जोश के साथ जीने के लिए प्रतिबद्ध रहें। परिवार, दोस्तों, भोजन और फिल्मों पर उनका ध्यान केंद्रित रहा।

ऋषि कपूर को अंतिम सम्मान देने के लिए उनके प्रशंसकों से लॉकडाउन के नियमों को नहीं तोड़ने का आग्रह करते हुए कपूर परिवार ने कहा कि वह दुनिया भर के अपने प्रशंसकों के प्यार के लिए आभारी थे। उन्हें एक मुस्कान के साथ याद किया जाना चाहिए ना कि आंसुओं के साथ। दुख की इस घड़ी में हम यह भी समझते हैं कि दुनिया बहुत मुश्किल और कठिन दौर से गुजर रही है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कृपया वे उन कानूनों का सम्मान करें, जो अभी लागू हैं।

बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर की अब यादें शेष

अमिताभ समेत बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक

बॉलीवुड के रोमांस किंग और सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर स्वर कोकिला लता मंगेशकर और महानायक अमिताभ बच्चन समेत विभिन्न कलाकारों ने शोक व्यक्त किया है।
स्वर कोकिला ने अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि क्या कहूं? क्या लिखूं कुछ समझ में नहीं आ रहा। ऋषि जी के निधन से मुझे बहुत दुख हो रहा है। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री की बहुत हानि हुई है। ये दुख सहना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

अमिताभ ने अपने ट्वीट में भावुकता भरे शब्दों में लिखा कि वो गया। ऋषि कपूर गए। अभी उनका निधन हुआ। मैं टूट गया हूं। दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि दिल टूट गया…भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.. मेरे अज़ीज दोस्त।

बॉलीवुड अभिनेता और भाजपा सांसद सनी देओल ने ऋषि कपूर के निधन पर एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि ऋषि जी के जाने के गहरा सदमा लगा है, वो शानदार अभिनेता और इंसान थे।

बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि ऐसा लगता है कि हम एक बुरे सपने के बीच में हैं। ऋषि कपूर के जाने से बड़ा झटका लगा है। ये दिल तोड़ने वाला है। वो महान थे। एक शानदार दोस्त थे।

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऋषि कपूर के साथ तस्वीर साझा की. प्रियंका ने लिखा “दिल भारी है क्योंकि आज एक सदी खत्म हो गई है।

तापसी पन्नू ने लिखा है, ‘कुछ लिखने की कोशिश में… मैं अपने मन… और हाथ सिंक में नहीं कर पा रही. बीच में दिल की ऐसी हालत में है कि कुछ समझने में सक्षम नहीं है. वह हंसी, हास्य की वह भावना, ईमानदारी और यहां तक कि शरारतें, याद किया जाएगा, आप जैसा कोई नहीं #ऋषि कपूर।

फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ऋषि कपूर के निधन की खबर ने मुझे झंकझोर दिया है, नहीं ये नहीं हो सकता.. ये एक्सेप्ट करना बहुत मुश्किल है। भगवान आपकी आत्म को शांति दे ऋषि जी।

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऋषि कपूर के एक फोटो ट्वीट की है जिसके साथ उन्होंने लिखा कि एक लेजेंड अभिनेता और करोड़ों दिलों के अजीज़ ने आज हमें छोड़ दिया। आपको बहुत मिस करेंगे ऋषि जी.. मेरी दिल नीतू जी के लिए भर आया है.. ऋषि जी के परिवार के लिए ये बहुत मुश्किल वक्त है। बॉलीवुड एक्टर बोमन ईरानी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि दिल तोड़ दिया चिंटू जी दिल तोड़ दिया।

यह भी पढें
इरफान खान का फैंस के नाम आखिरी संदेश ‘और हां, मेरा इंतजार करना…’
अम्मा मुझे लेने आई है कह कर फिर कुछ नहीं बोले इरफान खान
जीवनी : जयपुर में जन्मे इरफान खान ने मुंबई में खुद गढा अपना मुकद्दर
इरफान खान जिंदगी से मौत तक की पूरी कहानी
महान बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान नहीं रहे