Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
bollywood box office collection year 2018 report-साल 2018 में बॉक्स ऑफिस के रियल खिलाड़ी बने अक्षय कुमार - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood साल 2018 में बॉक्स ऑफिस के रियल खिलाड़ी बने अक्षय कुमार

साल 2018 में बॉक्स ऑफिस के रियल खिलाड़ी बने अक्षय कुमार

0
साल 2018 में बॉक्स ऑफिस के रियल खिलाड़ी बने अक्षय कुमार

मुंबई। बॉलीवुड में वर्ष 2018 में प्रदर्शित फिल्मों में खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार की फिल्मों का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला और वह बॉक्स आफिस के भी रियल खिलाड़ी बन गए।

वर्ष 2017 में अक्षय की फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा और जॉली एलएलबी जैसी फिल्में प्रदर्शित हुई और दोनों ही फिल्म 100 करोड़ से अधिक का कारोबार करने में सफल रही थी। वर्ष 2018 में भी अक्षय की फिल्मों का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। इस वर्ष उनकी पैडमैन ,गोल्ड और 2.0 जैसी तीन फिल्में प्रदर्शित हुई और तीनों ही फिल्में हिट साबित हुई।

वर्ष 2018 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्मों में संजू ,पद्मावत ,सोनू के टीटू की स्वीटी, रेड, बागी 2, राजी ,रेस 3, स्त्री, बधाई हो का नाम भी शामिल है। इन सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से अधिक की कमाई की है। आमिर खान और अमिताभ बच्चन की जोड़ी वाली फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान ने टिकट खिड़की पर 150 करोड़ की कमाई की लेकिन 250 करोड़ के बजट में बनाई जाने के कारण इसे फ्लॉप माना गया।

इन सबके साथ ही वर्ष 2018 में लीक से हटकर और कम बजट में बनी कई फिल्मों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इन फिल्मों में अंधाधुन, 102 नॉट आउट़, हिचकी, परमाणु द स्टोरी ऑफ पोखरण, वीरे दी वेडिंग, धड़क, सत्यमेव जयते और सुई धागा जैसी कई फिल्में शामिल है। परी, हेट स्टोरी 4, अक्टूबर, सूरमा आदि फिल्में भी दर्शकों को बेहद पसंद आई और इन फिल्मों ने औसत व्यापार किया।

इस वर्ष में जहां कई फिल्मों ने सफलता के झंडे गाड़े वहीं फ्लॉप फिल्मों की भी कमी नहीं रही। बड़े बजट और बड़े सितारों वाली कई फिल्में एक-एक कर बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम होती गई जिसकी सूची काफी लंबी है। इनमें मुक्काबाज, कालाकांडी, अय्यारी, वेलकम टू न्यूर्याक, भावेश जोशी सुपरहीरो, साहेब बीबी और गैंगस्टर 3, मुल्क, फन्ने खान, हैप्पी फिर भाग जाएगी, यमला पगला दीवाना फिर से, पलटन, मनमर्जिया, बत्ती गुल मीटर चालू, लवयात्री, हेलीकाप्टर इला, नमस्ते इंगलैंड, बाजार, मुहल्ला अस्सी, भइयाजी सुपरहिट आदि शामिल है।

वर्ष 2018 की शुरूआत 12 जनवरी को प्रदर्शित फिल्म कालाकांडी से हुई। अक्षत वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैफ अली खान की मुख्य भूमिका है। यह फिल्म मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई। इसी दिन विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म 1921 प्रदर्शित हुई। फिल्म में जरीन खान और करण कुंद्रा की मुख्य भूमिका है। 12 जनवरी को ही अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी मुक्केबाज प्रदर्शित हुई लेकिन ये दोनों फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पद्मावत’ काफी विरोध के बाद 25 जनवरी को प्रदर्शित हुई। इस फिल्म को करणी सेना समेत कई संगठनों के विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था। करणी सेना का आरोप है कि फिल्म में रानी पद्मावती के किरदार को गलत ढंग से पेश किया गया है जिससे राजपूतों की भावनाएं आहत हुई हैं। पद्मावत में दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती के किरदार में मुख्य भूमिका निभाई जबकि रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद कपूर ने राजा रतन सिंह का रोल निभाया है। यह फिल्म खिलजी वंश के दूसरे शासक अलाउद्दीन खिलजी और मेवाड़ की रानी पद्मावती के प्रति उसके जुनूनी प्रेम की गाथा का बखान करती है। रानी पद्मावती अपनी सुन्दरता, बुद्धि और साहस के लिए प्रसिद्ध थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ की शानदार कमाई की।

नौ फरवरी को आर बाल्की के निर्देशन में बनी पैडमैन प्रदर्शित हुई। फिल्म में अक्षय कुमार, सोनम कपूर और राधिका आप्टे की मुख्य भूमिका हैं। टिंवकल खन्ना निर्मित यह फिल्म अरुणाचलम मुरुगनथम की वास्तविक जीवन की कहानी से प्रेरित है, जिन्होंने कम लागत वाले सैनिटरी पैड बनाने की मशीन का आविष्कार किया था। मुरुगनानथम ने एक ऐसी मशीन का निर्माण किया था जो सैनिटरी नैपकिन्स सस्ते दाम में उत्पादित करती थी। उनको इस आविष्कार के लिए पद्मश्री से भी नवाजा गया था। फिल्म ने करीब 80 करोड़ की कमाई की।

सोलह फरवरी को नीरज पांडे के निर्देशन में बनी अय्यारी प्रदर्शित हुई। अय्यारी में मनोज वाजपेयी, सिद्धार्थ मल्होत्रा की मुख्य भूमिका है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गयी। 23 फरवरी को वासु भगनानी निर्मित फिल्म वेलकम टु न्यूयार्क प्रदर्शित हुई। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा, दिलजीत दोसांझ ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढ़ेर हो गई। 23 फरवरी को ही इस वर्ष की सर्वाधिक हिट फिल्मों में शुमार सोनु के टीटू की स्वीटी प्रदर्शित हुई।

कार्तिक आर्यन, सनी स‍िंह और नुसरत भरूचा स्‍टारर फ‍िल्‍म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ ने बॉक्‍सऑफ‍िस पर 100 करोड़ की कमाई कर ली है। यह साल की दूसरी फिल्म बनी ज‍िसने 100 करोड़ के क्लब में एंट्री की है। कोई बड़ा स्टार न होने के बावजूद ट‍िकट ख‍िड़की पर इस फ‍िल्‍म के ल‍िए अच्‍छा र‍िस्‍पॉन्‍स देखने को म‍िला है। ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ का न‍िर्देशन ‘प्यार का पंचनामा’ फेम निर्देशक लव रंजन ने क‍िया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 108 करोड़ का शानदार कारोबार किया है।

अनुष्का शर्मा के होम प्रॉडक्शन की तीसरी फिल्म ‘परी’ 02 मार्च को प्रदर्शित हुई। अनुष्का शर्मा इससे पूर्व अपने प्रोड्क्शन हाउस के तहत दो फिल्में बना एनएच 10 और ‘फिल्लौरी’ बना चुकी है। कम बजट ने बनी हॉरर फिल्म परी ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 23 करोड़ की कमाई कर औसत व्यापार किया। विशाल पांडया के निर्देशन में बनी फिल्म हेट स्टोरी-4, 09 मार्च को प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में करण वाही और उर्वशी रौतेला ने मुख्य किरदार निभाए है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर औसत कारोबार किया। इसी दिन तापसी पन्नू और साकिब सलीम की मुख्य भूमिका वाली फिल्म दिल जंगली प्रदर्शित हुई लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी।

भूषण कुमार निर्मित फिल्म रेड 16 मार्च को प्रदर्शित हुई। राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी रेड में अजय देवगन और इलियाना डिक्रूज की मुख्य भूमिका है। फिल्म में अजय एक ईमानदार आयकर अधिकारी की भूमिका में नजर आए। रेड को अपनी दमदार कहानी, स्टारकास्ट और डॉयलॉग्स की वजह से बेहद पसंद किया गया। फिल्म ने 101 करोड़ की शानदार कमाई की है।

रानी मुखर्जी की कमबैक फिल्म हिचकी 23 मार्च को प्रदर्शित हुई। फिल्म हिचकी में रानी एक टीजर की भूमिका में नजर आई जिसे ‘टॉरेट सिंड्रोम’ नामक बीमारी है। फिल्म में दिखाया गया कि रानी को अपने प्रोफेशनल लाइफ में किस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। फिल्म की कहानी ब्रैड कोहेन की पुस्तक ‘फ्रंट ऑफ द क्लास: हाऊ टॉरेट सिंड्रोम मेड मी द टीचर आई नेवर हैड’ पर आधारित है। कम बजट में बनी फिल्म हिचकी ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 47 करोड़ की कमाई कर हिट फिल्मों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

तीस मार्च को 2018 की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में बागी-2 प्रदर्शित हुई। अहमद खान के निर्देशन में बनी बागी की सीक्वल बागी-2 में टाइगर श्राफ, दिशा पटानी, मनोज वाजपेयी और रणदीप हुड्डा की मुख्य भूमिकाएं हैं। फिल्म ने 165 करोड़ रूपए की शानदार कमाई की है। 06 अप्रेल को इरफान खान की फिल्म ब्लैकमेल प्रदर्शित हुई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी। 13 अप्रेल को शुजीत शरकार के निर्देशन में बनी अक्टूबर प्रदर्शित हुई। वरूण धवन की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म से एड गर्ल बनीता संधू बॉलीवुड में एंट्री ली है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 45 करोड़ की औसत कमाई की।

चार मई को महानायक अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी वाली फिल्म 102 नॉट आउट प्रदर्शित हुई। उमेश शुक्ला के निर्देशन में बनी ‘102 नॉट आउट’ बुजुर्ग बाप-बेटे की कहानी है, जिसमें अमिताभ पिता और ऋषि बेटे की भूमिका में हैं। सौम्या जोशी के नाटक पर आधारित यह फिल्म न सिर्फ़ हर तरह के इमोशन को परिभाषित करती है बल्कि यह एक फन स्टोरी भी है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 52 करोड़ की कमाई की है।

ग्यारह मई को मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म राजी प्रदर्शित हुई। ‘राजी’ हरिंदर सिक्का के उपन्यास कॉलिंग सहमत’ पर आधारित है। इस फिल्म में आलिया भट्ट और मसान फेम विक्की कौशल की मुख्य भूमिका हैं। आलिया भट्ट ने इस फिल्म में एक ऐसे जासूस की भूमिका अदा की है जो पाकिस्तान में जासूसी करने के लिए पाकिस्तानी सेना के एक अफसर से ब्याह रचा लेती है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 123 करोड़ की शानदार कमाई की है। 25 मई को जॉन अब्राहम की फिल्म ‘परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण’ प्रदर्शित हुई। परमाणु परीक्षण पर आधारित इस फ़िल्म ने करीब 65 करोड़ कर औसत सफलता हासिल की है।

एक जून को शशांक घोष के निर्देशन में बनी फिल्म वीरे दी वेडिंग प्रदर्शित हुई है। फिल्म का निर्माण सोनम कपूर की बहन रिया कपूर और एकता कपूर ने किया है। फिल्म में करीना कपूर, सोनम कपूर और स्वरा भास्कर की अहम भूमिकाएं है। फिल्म ने 80 करोड़ की शानदार कमाई की। एक जून को ही विक्रमादित्य मोटवानी के निर्देशन में बनी फिल्म भवेश जोशी प्रदर्शित हुई। फिल्म में अनिल कपूर के पुत्र हर्षवर्धन कपूर की मुख्य भूमिका है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढ़ेर हो गई।

पंद्रह जून को वर्ष 2018 की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रेस 3 प्रदर्शित हुई। रेमो डिसूजा निर्देशित और रमेश तौरानी निर्मित यह फिल्म रेस का तीसरा संस्करण है। रेस 3 में सलमान खान के साथ जैकलीन फर्नांडीस और बॉबी देओल की मुख्य भूमिका है। फिल्म उम्मीद के अनुरूप कारोबार करने में सफल नहीं रही। रेस 3 ने करीब 170 करोड़ की कमाई की है। इस वर्ष की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार संजू 29 जून को प्रदर्शित हुई है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी संजू, संजय दत्त की बायोपिक है जिसमें रणबीर कपूर ने संजय दत्त की भूमिका निभाई। फिल्म 341 करोड़ की कमाई की है। संजू इस वर्ष की सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई।

तेरह जुलाई को पंजाबी फिल्मों के सुपरस्टार दलजीत दोसांझ और पिंक फेम तापसी पन्नू की जोड़ी वाली फिल्म सूरमा प्रदर्शित हुई। ‘सूरमा’ हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फ़िल्म है। फ़िल्म संदीप के संघर्ष और जज़्बे की दास्तान है। फिल्म ने 30 करोड़ की औसत कमाई की। 20 जुलाई को शशांक खेतान के निर्देशन में बनी फिल्म धड़क प्रदर्शित हुई। यह फिल्म वर्ष 2016 में प्रदर्शित मराठी फिल्म सैराट की रीमेक है। करण जौहर निर्मित धड़के से श्रीदेवी-बोनी कपूर की पुत्री जाह्ववी कपूर और शाहिद कपूर के भाई इशान खट्टर ने डेब्यू किया। फिल्म हिट साबित हुई और उसने करीब 72 करोड़ की शानदार कमाई की है।

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर अक्षय कुमार की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘गोल्ड’ हुई।रीमा कागती के निर्देशन में बनी फिल्म गोल्ड में अक्षय के अपोजिट टीवी सीरियल नागिन फेम मॉनी राय की मुख्य भूमिका है। फिल्म ने करीब 108 करोड़ की कमाई की है। 15 अगस्त को हीं जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते भी प्रदर्शित हुई। फिल्म ने करीब 90 करोड़ की कमाई की है। इस वर्ष की सर्वाधिक हिट फिल्म में शुमार स्त्री 31 अगस्त को प्रदर्शित हुई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की जोड़ी वाली हॉरर फिल्म ने करीब 130 करोड़ की कमाई की।

इक्कीस सिंतबर को ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ जैसी कामयाब फिल्म निर्देशित कर चुके श्री नारायण सिंह की फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू प्रदर्शित हुई। फिल्म में शाहिद कपूर की मुख्य भूमिका है। यह फिल्म बिजली ग्राहकों से जुड़े मुद्दे की कहानी है। फिल्म में शाहिद वकील की भूमिका में हैं। ये एक ऐसे आम आदमी की कहानी है जो अपने बिजली के भारी बिल को ठीक करवाने के लिए बिजली कंपनी के चक्कर लगाता है। फिल्म 38 करोड़ की कमाई कर सकी।

07 सिंतबर को जेपी दत्ता की मल्टीस्टार फिल्म पलटन प्रदर्शित हुई। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया। 15 सितंबर को अभिषेक बच्चन ने करीब दो साल बाद फिल्म मनमर्जिया से कमबैक किया। फिल्म हिट तो साबित नहीं हुई लेकिन उनके अभिनय को सराहा गया।

अट्ठाइस सितंबर को शरत कटारिया के निर्देशन में बनी फिल्म सुई धागा प्रदर्शित हुई। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म सुई धागा में वरुण धवन और अनुष्का शर्मा ने लीड किरदार निभाया है। फिल्म की कहानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया कैम्पेन पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से मजदूर वर्ग के संघर्ष और उनके सम्मान की कहानी को परदे पर लाने की कोशिश की गई। फिल्म ने करीब 80 करोड़ की शानदार कमाई की है।

05 अक्टूबर को आयुष्मान खुराना अभिनीति ससपेंस थ्रिलर अंधाघुन प्रदर्शित हुई। फिल्म बाक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। फिल्म ने करीब 73 करोड़ की कमाई की है। इस दिन सलमान खान निर्मित फिल्म लवयात्री प्रदर्शित हुई। फिल्म के जरिये सलमान ने अपने बहनोई आयुष शर्मा को लांच किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नकार दी गई।

काजोल की फिल्म हेलीकॉप्टर इला 12 अक्टूबर को प्रदर्शित हुई लेकिन असफल साबित हुई। 18 अक्टूबर को अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी वाली फिल्म नमस्ते इंगलैंड प्रदर्शित हुई लेकिन सफल साबित नहीं हुई। इसी दिन आयुष्मान खुराना की फिल्म बधाई हो प्रदर्शित हुई और बॉक्स आफिस पर जोरदार हिट साबित हुई। फिल्म ने 137 करोड़ की कमाई कर ली है। अमित शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म बधाई हो में आयुष्मान खुराना के अलावा सान्या मल्होत्रा और नीना गुप्ता ने अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म में एक अधेड़ पति-पत्नी की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में अधेड़ महिला (नीना गुप्ता) प्रेग्नेंट हो जाती है। यह प्रेग्‍नेंसी उनके आसपास के लोगों में चर्चा का विषय बन जाती है और सबसे पहले उनके दोनों बेटे यानी नकुल (आयुष्‍मान खुराना) और गूलर (शर्दुल राणा) इसके चलते शर्मिंदा होते हैं।

छब्बीस नवंबर को फिल्म बाजार प्रदर्शित हुई। सैफ अली खान की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म से विनोद मेहरा के पुत्र रोहन मेहरा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया लेकिन बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का प्यार इस फिल्म को नहीं मिला और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नकार दी गई। इस वर्ष की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार महानायक अमिताभ बच्चन, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और बार्बी गर्ल कैटरीना कैफ की फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान 08 नवंबर को प्रदर्शित हुई। फिल्म ने 150 करोड़ की कमाई की लेकिन बड़े बजट में बनाई जाने के कारण इसे असफल फिल्म माना गया। 16 नवंबर को सन्नी देओल की मोहल्ला अस्सी और 23 नवंबर को उनकी हीं फिल्म भइया जी सुपरहिट प्रदर्शित हुई लेकिन दोने ही फिल्मों ने सफलता का स्वाद नहीं चखा।

उनतीस नवंबर को दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत और खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार की जोड़ी वाली फिल्म 2.0 से दर्शकों का दीदार हुआ। 500 करोड़ से अधिक के बजट में बनाई गई इस फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता के कीर्तिमान स्थापित किए। भारत में हीं फिल्म अबतक 182 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। ओवरसीज में भी फिल्म ने शानदार व्यवसाय किया है। करीब 600 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह फिल्म भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म है। साथ ही यह तकनीकी रूप से भी अब तक की सबसे एडवांस फिल्म भी है। भारतीय सिनेमा द्वारा बनाई गई यह पहली फिल्म है जिसे 3डी में शूट किया गया है। अब तक फिल्मों को पहले शूट किया जाता था और बाद में इन्हें 3डी में कनवर्ट किया जाता था।

सात दिसंबर को सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की जोड़ी वाली फिल्म केदारनाथ प्रदर्शित हुई है। सैफ अली खान और अमृता सिंह की पुत्री सारा ने इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। फिल्म अबतक 55 करोड से अधिक की कमाई कर चुकी है। केदारनाथ एक अमीर हिंदू लड़की की कहानी बताती है जो उत्तराखंड के पहाड़ों के ऐतिहासिक केदारनाथ मंदिर की तीर्थ यात्रा करती है, जहां वह एक मुस्लिम लड़के के साथ उसकी मुलाकात होती है। इस जोड़ी को पारिवारिक अस्वीकृति और विपरीत पृष्ठभूमि सहित कई बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इस फिल्म में उत्तराखंड़ में 2013 में आई भीषण बाढ़ को भी दर्शाया गया है।

इक्कीस दिसंबर को आनंद एल राय के निर्देशन में बनी फिल्म जीरो प्रदर्शित होगी। जीरो में शाहरूख खान, अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ की मुख्य भूमिका है। फिल्म में शाहरूख बौना का किरदार निभाते नजर आएंगे। 28 दिसंबर को रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म सिंबा प्रदर्शित होगी। सिंबा तेलुगु की फिल्म ‘टेंपर’ का रीमेक है। सिंबा में रणवीर सिंह के अलावा सारा अली खान की मुख्य भूमिका है।