Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बाल कलाकार से कोरियोग्राफर बनीं सरोज खान, अब यादें शेष - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood बाल कलाकार से कोरियोग्राफर बनीं सरोज खान, अब यादें शेष

बाल कलाकार से कोरियोग्राफर बनीं सरोज खान, अब यादें शेष

0
बाल कलाकार से कोरियोग्राफर बनीं सरोज खान, अब यादें शेष

मुंबई। बाल कलाकार के तौर पर अपने करियर की शुरूआत कर बॉलीवुड में सभी स्टार्स को अपनी ताल पर नचाने वाली सरोज खान ने कोरियोग्राफर के रूप में अपनी सशक्त पहचान बनाई।

बाइस नवंबर 1948 को जन्मीं सरोज खान का असली नाम निर्मला नागपाल है। सरोज खान ने सिर्फ तीन साल की उम्र से ही बाल कलाकार के रूप में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उनकी पहली फिल्म नजराना थी जिसमें उन्होंने श्यामा नाम की बच्ची का किरदार निभाया था।

पचास के दशक में सरोज ने बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करना शुरू कर दिया। सरोज ने फेमस डांसर बी.सोहनलाल से कथक, मणिपुरी, कथकली, भरतनाट्यम आदि नृत्य शैली का प्रशिक्षण लिया और 13 साल की उम्र में उन्होंने 41 साल के सोहनलाल से शादी कर ली। सोहनलाल पहले से ही शादीशुदा और चार बच्चों के पिता थे।

एक इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि जब उनकी शादी हुई, उस वक्त वह स्कूल जाया करती थीं। उन्हें शादी के मायने नहीं पता थे। मास्टर सोहनलाल ने उनके गले में एक धागा बांध दिया। उन्हें लगा कि उनकी शादी हो गई है। सरोज खान ने वर्ष 1974 में प्रदर्शित फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ से स्वतंत्र कोरियोग्राफर के तौर पर काम करना शुरू किया।

वर्ष 1986 में प्रदर्शित फिल्म ‘नगीना’ सरोज खान के सिने करियर के लिये अहम फिल्म साबित हुई। इस फिल्म में सरोज ने श्रीदेवी को ‘मैं तेरी दुश्मन गाने’ के लिए कोरियोग्राफ किया, जो काफी हिट साबित हुआ और इसी गाने की वजह से फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंनें अपनी पहचान बनायी। इसके बाद सरोज खान ने वर्ष 1987 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म मिस्टर इंडिया फिल्म के गाने हवा-हवाई और काटे नहीं कटते दिन ये रात में एक बार फिर श्रीदेवी को कोरियोग्राफ किया जो बेहद पसंद किया गया।

वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म तेजाब में माधुरी दीक्षित पर फिल्माये सुपरहिहट डांस नंबर एक दो तीन को सरोज खान ने कोरियोगाफ किया। उनकी जोड़ी श्रीदेवी और बाद में माधुरी दीक्षित के साथ काफी जमी। बॉलीवुड मे शायद ही ऐसा कोई बड़ा स्टार हो जिसे सरोज ने डांस न कराया हो। हर किसी को अपनी ताल पर नचाने वाली सरोज आज पूरे देश में डांस मास्टर के नाम से जानी जाती है।

सरोज खान ने बॉलीवुड में दो हजार से ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ किया। उन्होंने अपने करियर में वैजयंतीमाला, साधना, शर्मिला टैगोर, हेलन, जीनत अमन वहीदा रहमान से लेकर रेखा, श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित, करिश्मा, शर्मिला टैगोर, ऐश्वर्या राय, करीना कपूर और सनी लियोनी जैसी अभिनेत्रियाें को डांस सिखाया।

सरोज खान अपने सिने करियर के दौरान आठ बार सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफर के फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजी गयी। उन्हें तेजाब, चालबाज ,सैलाब ,बेटा ,खलनायक ,हम दिल दे चुके सनम ,देवदास और गुरु के लिये फिल्म फेयर पुरस्कार दिये गये। इसके अलावा सरोज खान को फिल्म देवदास ,श्रंगारम और जब वी मेट के लिये राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। सरोज खान अमेरिकन कोरियोग्राफी अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं। वह कई रियलिटी शोज़ में जज के तौर पर दिखाई दी जिनमें नच बलिए, उस्तादों के उस्ताद, नचले विद सरोज खान, बूगी-वूगी शामिल हैं।

बॉलीवुड की मशहूर कोरियॉग्राफर सरोज खान का निधन