Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Bollywood choreographer Saroj Khan birthday special - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood इनके इशारों पर नायिकाओं के साथ फिल्मी पर्दा भी थिरकता है

इनके इशारों पर नायिकाओं के साथ फिल्मी पर्दा भी थिरकता है

0
इनके इशारों पर नायिकाओं के साथ फिल्मी पर्दा भी थिरकता है
Bollywood choreographer Saroj Khan birthday special
Bollywood choreographer Saroj Khan birthday special
Bollywood choreographer Saroj Khan birthday special

हिंदी सिनेमा की एक ऐसी कोरियोग्राफर, जिनकी उंगलियों के इशारे पर ऐसा शायद ही कोई स्टार हो जिसने डांस न किया हो उन्होंने हिंदी सिनेमा में कई गाने दिए। अभिनेत्रियों के साथ फिल्मी पर्दा भी उनके इशारों पर थिरकता है। यह बड़ी से बड़ी अभिनेत्रियों को नचा चुकी हैं। आज हम आपको बताएंगे बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के बारे में, जिनका आज जन्मदिन है।

सरोज खान को बॉलीवुड में सभी ‘मास्टर जी’ के नाम से पुकारते हैं। आइए जानते हैं इनका जीवन और फिल्मी सफर कैसा रहा। सरोज खान का जन्म 22 नवंबर, 1948 को हिंदू परिवार में हुआ था। इनका असली नाम निर्मला नागपाल है।

सरोज खान का परिवार पाकिस्तान से आया था

सरोज खान का परिवार मूलत: पाकिस्तान से है। भारत विभाजन के समय इनके पिता को अपना स्थापित व्यवसाय और संपत्ति छोड़कर भारत आना पड़ा था। आय का कोई साधन न होने के कारण सरोज खान का बचपन बहुत कठिनाइयों में बीता। इनके पिता ने छोटी आयु में ही सरोज खान को फिल्मों में काम करने के लिए भेज दिया था।

तीन वर्ष की आयु में ही फिल्मों में काम किया

तीन वर्ष की आयु में सरोज खान ने बाल कलाकार के रूप में पहली फिल्म नजराना की। उसके बाद सरोज खान ने बी. सोहनलाल जो उस समय के बहुत प्रतिष्ठित और सम्माननीय डांस मास्टर थे, से नृत्य प्रशिक्षण लेना प्रारंभ किया। सोहनलाल ने उन्हें कथक, मणिपुरी, कथकली, भरटनाट्यम आदि जैसे लोकनृत्यों का प्रशिक्षण दिया।

13 वर्ष की आयु में ही सरोज खान ने 41 वर्षीय बी. सोहनलाल, जो पहले से ही विवाहित और चार बच्चों के पिता थे, से विवाह कर लिया। चौदह वर्ष की आयु में सरोज खान ने अपने पहले बेटे, राजू खान (कोरियोग्राफर) को जन्म दिया।

उसके बाद बेटी हिना खान का भी जन्म हुआ। बाद में सोहनलाल अपने परिवार को छोड़कर मुंबई से मद्रास चले गए। जिसके बाद सरोज खान ने सरदार राेशन खान से विवाह कर लिया। इन दोनों की एक बेटी सुकैना खान हैं।

1975 में स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में की शुरुआत

बाल कलाकार से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली सरोज खान बाद में सोहनलाल के नृत्य समूह का हिस्सा बनीं। फिर नृत्य में स्नातक की उपाधि ग्रहण करने के बाद असिस्टेंट डांस मास्टर और फिर डांस मास्टर बनीं। स्वतंत्र कोरियो ग्राफर के तौर पर सरोज की पहली फिल्म गुलजार निर्देशित मौसम (1975) थी। लेकिन वर्ष 1983 में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘हीरो’ उनके लिए एक बड़ा ब्रेक साबित हुई।

नगीना (1986) में श्रीदेवी ने ‘मैं तेरी दुश्मन’ गाने पर जो डांस किया था, वह सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था। इस गाने द्वारा सरोज खान की प्रतिभा को प्रशंसा मिलने लगी । उसके बाद तेजाब, खलनायक, मिस्टर इंडिया, चालबाज, नगीना, चांदनी, हम दिल दे चुके सनम, देवदास, गुरु आदि कुछ प्रमुख फिल्में हैं जिन्हें सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था। इसके बाद इंडस्ट्रीज में सरोज खान का राज चलने लगा।

सरोज खान की माधुरी दीक्षित के साथ ट्यूनिंग काफी अच्छी रही

सरोज खान की माधुरी दीक्षित के साथ काफी अच्छी ट्यूनिंग रही। बेटा फिल्म में माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया गाना ‘धक-धक करने लगा’ काफी पॉपुलर हुआ था। उसके बाद तो सरोज और माधुरी दीक्षित की जैसे जोड़ी ही बन गई हो। फिल्म अंजाम में भी माधुरी पर फिल्माए गए सभी गाने सरोज खान ने ही डांस करवाए थे।

संजय लीला भंसाली की वर्ष 2002 की फिल्म ‘देवदास’ में उनके हिट नंबर ‘डोला रे’ सुपरहिट रहा। सरोज खान ने श्रीदेवी, प्रियंका चोपड़ा, तबु, दीपिका पादुकोण समेत सभी हीरोइनों को अपनी उंगलियों पर नचाया है। सरोज खान ने माधुरी दीक्षित के साथ कई फिल्मों में काम किया।

छोटे पर्दे पर भी सरोज खान ने खूब मचाया धमाल

सरोज खान रियलिटी डांस शो नच बलिये के दो संस्करणों में जज के तौर पर कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने नृत्त्य आधारित अपने व्यक्तिगत कार्यक्रम में कार्य किया, जिसमें वह एक प्रशिक्षक के रूप में दर्शकों को डांस सिखाती थीं। सरोज खान ने सोनी के झलक दिखला जा जैसे कार्यक्रमों में भी जज की भूमिका निभाई है। छोटे पर्दे पर कई कार्यक्रमों में सरोज खान ने नए लड़के लड़कियों को डांस सिखाया है।

तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार के साथ कई सम्मान मिले

सरोज खान को आठ बार फिल्मफेयर बेस्ट कोरियोग्राफी के अवार्ड से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा वह तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। लगान फिल्म के लिए सरोज खान को अमेरिकन आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवॉर्ड भी प्रदान किया गया था। आज भी कोरियोग्राफर सरोज खान फिल्मों और छोटे पर्दे पर सक्रिय हैं।

सिने डांसर्स संगठन की ‘ब्रांड एम्बेसडर’ बनीं सरोज खान

अभी हाल ही में कोरियोग्राफर सरोज खान को सिने डांसर्स एसोसिएशन का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। वे इस इस एसोसिएशन में डांसर्स की बेटियों को मुफ्त शिक्षा मुहैया कराएंगी। ऐसे वरिष्ठ कलाकार जो इंडस्ट्री से रिटायर होकर जीवन जी रहे हैं और उन्हें पैसों की जरूरत है तो उनके सर्वाइवल में सहायता की जा सके। इसके बाद सरोज खान ने कहा कि मैं ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर एसोसिएशन को इंडस्ट्री में सबसे बड़ा बनाना चाहती हूं।

शंभू नाथ गौतम, वरिष्ठ पत्रकार