
अजमेर। राजस्थान में अजमेर के गंज थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक आनासागर झील में आज दोपहर संदिग्ध दो-दो हजार रुपए के नोटों की गड्डियां तैरती मिली।
सूचना पर गंज थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक बलदेव सिंह मौके पर पहुंचे और गौताखोरों की मदद से नोटों के बंडलों को पानी से बाहर निकलवाया। सिंह ने बताया कि नोट के कुछ बंडल पानी में तैरते मिले और कुछ प्लास्टिक की थैलियों और प्लास्टिक थैलों में पानी से बरामद किए गए। सभी नोटों पर भारतीय रिजर्व बैंक अंकित है और ये हूबहू मूल नोटों की तरह दिख रहे है जोकि जांच का विषय है। नोटों के 40-50 बंडल मिले हैं।
पुलिस ने इस बारे में जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने के साथ बैंक के तकनीकी विशेषज्ञ से नोटों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि ये नोट जाली हैं या असली।