Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Chhattisgarh polls 2018 : BJP raises women's candidate but Congress does less-छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महिला उम्मीदवार बढ़ाए तो कांग्रेस ने किए कम - Sabguru News
होम Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महिला उम्मीदवार बढ़ाए तो कांग्रेस ने किए कम

छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महिला उम्मीदवार बढ़ाए तो कांग्रेस ने किए कम

0
छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महिला उम्मीदवार बढ़ाए तो कांग्रेस ने किए कम

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव की तुलना में महिला उम्मीदवारों की संख्या जहां बढ़ाई है वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने संख्या में कमी की है।

भाजपा ने इस बार 14 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है,जबकि कांग्रेस ने 13 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने पिछले 2013 में हुए चुनाव में 11 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था,जबकि कांग्रेस ने 14 महिलाओं को टिकट दी थी।पिछले चुनाव में भाजपा की 11 महिला उम्मीदवारों में से छह ने तथा कांग्रेस की 14 में महज चार ने जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस ने इस बार उम्मीदवारों की अन्तिम सूची में दुर्ग ग्रामीण से पूर्व घोषित उम्मीदवार प्रतिमा चन्द्राकर का टिकट बदल दिया जिससे कांग्रेस के 13 ही महिला उम्मीदवार रह गई,अन्यथा इस बार भी उसकी 14 महिलाएं उम्मीदवार होती। मौजूदा विधानसभा की सदस्य जिन प्रमुख महिलाओं को दोनो दलों ने उम्मीदवार बनाया है उनमें चंपा देवी पावले, अनिला भेडिया, देवती कर्मा, सरोजनी बजारे, केराबाई मनहर शामिल है।

इस बार चुनाव मैदान में उतरने वाली प्रमुख महिलाओं में कांग्रेस की करूणा शुक्ला प्रमुख है। पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी शुक्ला राजनांदगांव सीट से मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी एवं वरिष्ठ विधायक डा. रेणु जोगी को कांग्रेस ने इस बार टिकट नहीं दिया तो वह जनता कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतर रही है।

पिछले चुनाव में शिकस्त का सामना करने वाली भाजपा की लता उसेंडी एवं रजनी त्रिपाठी तथा कांग्रेस की अनिता शर्मा फिर इस बार मैदान में है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरने वाली महिला उम्मीदवारों में महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, मोनिका साहू, रंजना साहू तथा संयोगिता सिंह भाजपा के टिकट पर तथा रश्मि सिंह, लक्ष्मी साहू, शकुन्तला साहू, ममता चन्द्राकर, लक्ष्मी धुव्र, उत्तरी जांगड़े, संगीता सिन्हा तथा जनता कांग्रेस बसपा गठबंधन की ऋचा जोगी प्रमुख है।

इस बार तीन सीटो सारंगढ़, तखतपुर एवं सिहावा में मुख्य मुकाबला महिला उम्मीदवारों के बीच होगा। सारंगढ़ सीट पर भाजपा की केराबाई मनहर का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की उत्तरी जांगड़े,तखतपुर सीट पर भाजपा की हर्षिता पाण्डेय का मुकाबला कांग्रेस की रश्मि सिंह तथा सिहावा सीट पर मुकाबला भाजपा की पिंकी शिवराज शाह एवं कांग्रेस की लक्ष्मी धुव्र से है।